बड़ी वारदात : क्लासरूम में घुसकर छात्र ने चाकू घोंपकर की छात्र की हत्या, गांव में तनाव

घरौंडा ( करनाल )
हरिसिंह पुरा के संस्कार भारती सीनियर सैकेंडरी स्कूल के क्लास रूम में एक छात्र ने दूसरे छात्र की चाकू घोंप कर हत्या कर दी। घटना के कुछ अंश स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुए हैं। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते छात्र ने वारदात को अंजाम दिया है। चाकू के हमले से घायल छात्र को इलाज के लिए सीएससी केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्कूल में हुई हत्या के बाद गांव में तनाव की स्थिति है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। वहीं एहतियात के तौर पर गांव में सुरक्षा बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित दस के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
हरिसिंहपुरा के संस्कार भारती प्राइवेट स्कूल में वीरवार की सुबह 12वीं कक्षाओं की प्रैक्टिकल का एग्जाम था करीब नौ बजे यह परीक्षा शुरू होनी थी। परीक्षा के दौरान ही बारहवीं कक्षा के छात्र शुभम और वीरेन के बीच क्लास रूम में विवाद हो गया। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि शुभम ने चाकू घोंप कर वीरेन की हत्या कर दी। क्लास रूम में हुई इस घटना के समय स्कूल के अन्य बच्चे भी मौजूद थे। वारदात को अंजाम देकर शुभम मौके से फरार हो गया। वहीं छात्र वीरेन को लहूलुहान देखकर स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया और छात्र अफरा-तफरी करते हुए इधर-उधर भागने लगे।
गंभीर रूप से घायल हुए छात्र वीरेंन को इलाज के लिए घरौंडा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे करनाल रेफर कर दिया। बाद में डॉक्टरों ने वीरेन को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि शुभम और वीरेन के बीच पहले भी लड़ाई झगड़े हुए थे, लेकिन बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। आज हुई छात्र की हत्या को पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। स्कूल में हुई छात्र की हत्या की सूचना मिलते ही डीएसपी मनोज कुमार भारी पुलिस बल के साथ गांव में पहुंचे और घटना की छानबीन शुरू कर दी।
सीसीटीवी फुटेज देखती पुलिस।
सीसीटीवी में कैद हुए कुछ अंश
स्कूल में हुई इस वारदात की कुछ तस्वीरें स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई हैं। जिसमें आरोपी छात्र वारदात के बाद भागता हुआ नजर आ रहा है और उसके पीछे क्लास रूम से निकलकर घायल छात्र वीरेन दिखाई दे रहा है। जो स्कूल की गैलरी में गिरता हुआ दिखाई देता है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
गांव में दोनों पक्षों के बीच तनाव
छात्र की मौत के बाद गांव में दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बन गई है, जिसको देखते हुए गांव में सुरक्षा बल की तैनाती कर दी गई है। हर व्यक्ति इस घटना से स्तब्ध है। गांव में शांति व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए पुलिस बल तैनात कर दिया है।
10 के खिलाफ मामला दर्ज
हरिसिंहपुरा के संस्कार भारती स्कूल में एक छात्र शुभम ने वीरेन नामक छात्र की चेस्ट पर चाकू से वार किया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुरानी रंजिश के चलते घटना हुई है। सीसीटीवी फुटेज में हमलावर सामने आया है। आरोपी शुभम सहित 10 के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया है। - मनोज कुमार, डीएसपी घरौंडा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS