कुरुक्षेत्र में बड़ी वारदात : बदमाशों ने स्कूटी सवार महिला को मारी गोली, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

हरिभूमि न्यूज. कुरुक्षेत्र
न्यू कॉलोनी के मोड पर बुधवार रात्रि अज्ञात बदमाशों ने स्कूटी सवार एक महिला पर पीछे से गोली मार दी। गोली युवती के सिर पर लगी। गोली लगते ही महिला बेहोश होकर नीचे गिर गई। वारदात को अंजाम देकर बदमाश मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही सुभाष मंडी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। मौके पर थानेसर के विधायक सुभाष सुधा, सीआईए टू प्रभारी प्रतीक, थाना कृष्णा गेट प्रभारी इंस्पेक्टर दिनेश राणा भी पहुंचे। पहले यह अफवाह चलती रही कि गोली नहीं चली बल्कि महिला स्कूटी से गिरकर चोटिल हुई है लेकिन देर रात जब युवती का सिटी स्कैन करवाया गया तो उसके सिर में से गोली निकली। वहीं गोली चलने की वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है।पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बुधवार करीब 9 बजे न्यू कॉलोनी निवासी महिला राधा अपने डेढ वर्षीय बच्चे के साथ स्कूटी पर बाजार से सामान लेकर न्यू कॉलोनी अपने घर जा रही थी। जैसे वह न्यू कॉलोनी के मोड पर पहुंची तो पीछे से एक अज्ञात बदमाश ने युवती को गोली मार दी। गोली पीछे से महिला के सिर में लगी। गोली चलने की आवाज आते ही मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। बताया जाता है कि बदमाश ने मुंह को कपड़े से ढक रखा था। वारदात को अंजाम देकर बदमाश मौके से फरार हो गया। वहीं गोली लगते ही महिला बेसुध होकर नीचे गिर गई। समाजसेवी राजाराम ने अपनी कार में बैठाकर महिला को सरकारी अस्पताल में इलाज हेतु भर्ती करवाया। जहां चिकित्सकों ने महिला का प्राथमिक उपचार कर उसे पीजीआई रेफर कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की लेकिन कोई भी दुकानदार कुछ नही बोला। इस कारण यह मान लिया गया कि गोली नही चली बल्कि महिला स्कूटी से गिरी है। जब देर रात्रि सिटी स्कैन में महिला के सिर से गोली निकली तो पता चला कि वाक्य में ही महिला को गोली मारी गई है।
अस्पताल में उपचाराधीन घायल महिला राधा ने बताया कि किसी ने पीछे से उसके सिर में कुछ मारा था। उसे नही पता की क्या मारा है। वह बेहोश हो गई थी। राधा ने बताया कि उसके तीन बच्चे है। पुलिस को गोली के खोल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। एलएनजेपी अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डा. सारा अग्रवाल ने बताया कि महिला के सिर का सिटी स्कैन किया गया। सिटी स्कैन में गोली आई जोकि पुलिस को सौंप दी गई है। महिला को पीजीआई रेफर कर दिया है।
आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा : दिनेश
थाना कृष्णा गेट प्रभारी इंस्पेक्टर दिनेश कुमार ने बताया कि न्यू कॉलोनी की रहने वाली महिला बुधवार रात्रि घायल हो गई थी। पहले पुष्टि नही हो पाई थी कि महिला किस कारण घायल हुई है। रात को महिला का सिटी स्कैन करवाया गया। सिटी स्कैन में पुष्टि हुई है कि महिला को गोली लगी है। मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS