भाजपा का हुड्डा और चौटाला पर पलटवार : विधानसभा में मसले उठा नहीं सके विपक्ष के लोग, बाहर आकर आरोप लगा रहे

भाजपा का हुड्डा और चौटाला पर पलटवार : विधानसभा में मसले उठा नहीं सके विपक्ष के लोग, बाहर आकर आरोप लगा रहे
X
हरियाणा भाजपा के प्रवक्ता सुदेश कटारिया ने बृहस्पतिवार को कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के राज में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर था। प्रापर्टी डीलर और बिल्डर उस सरकार को चलाया करते थे। वहीं कटारिया ने इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला पर भी तंज कसे।

हरियाणा भाजपा ने कांग्रेस व इनेलो नेताओं पर विधानसभा में अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं उठा पाने में विफल रहने के आरोप लगाए हैं। भाजपा ने कहा कि विधानसभा में अनावश्यक और गैर जरूरी मसलों पर कीमती समय खर्च करने वाले विपक्ष के विधायक जनता के बीच जाकर समय नहीं मिलने की दुहाई देते हैं और अपनी कमियां छिपाने के लिए सरकार को बदनाम करने की कोशिश करते हैं।

हरियाणा भाजपा के प्रवक्ता सुदेश कटारिया ने बृहस्पतिवार को कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के राज में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर था। प्रापर्टी डीलर और बिल्डर उस सरकार को चलाया करते थे। भाजपा सरकार के मुखिया मनोहर लाल ने पोर्टल के माध्यम से सब कुछ पारदर्शी कर भ्रष्टाचार के सभी रास्ते बंद कर दिए हैं तो अब उन्हें यह अच्छा नहीं लग रहा है। परिवार पहचान पत्र को सरकारी योजनाओं के लाभ का सबसे बढ़िया और मजबूत दस्तावेज बताते हुए सुदेश कटारिया ने कहा कि राज्य की पूरी सही स्थिति इस परिवार पहचान पत्र से देखकर जन कल्याण की न केवल योजनाएं बनाई जा सकती हैं, बल्कि उनका लाभ दिलाना भी हर व्यक्ति के लिए सुनिश्चित किया जा रहा है।

भाजपा प्रवक्ता ने सवाल किया कि अपात्र व गैर जरूरी लोगों की पेंशन कटने की बात तो हुड्डा कह रहे हैं, लेकिन क्या उनके पास यह आंकड़े नहीं हैं कि परिवार पहचान पत्र के जरिये 60 साल की उम्र पूरी कर करने वाले 30 हजार नए लोगों की अपने आप बिना किसी प्रयास के पेंशन बन गई है। ई-भूमि पोर्टल के जरिये अब जमीन किसान से उसकी मर्जी के अनुसार खरीदी जाती है, पहले की हुड्डा सरकार के कार्यकाल की तरह जबरदस्ती अधिगृहित नहीं की जाती।

सुदेश कटारिया ने इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला पर भी तंज कसे। उन्होंने कहा कि वह अपने परिवार की लड़ाई में साफ-सुथरी छवि के मुख्यमंत्री मनोहर लाल पर आक्षेप न खड़े करें। कटारिया ने कहा कि राज्य में जहां भी जल भराव की स्थिति है और फसलों को नुकसान हुआ है, उनकी भरपाई की घोषणा मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सदन में की है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सरकार हर साल पेंशन में बढ़ोतरी कर समाज कल्याण पेंशन के दायरे में आने वाले तमाम लोगों का ख्याल रख रही है। सुदेश कटारिया ने तिरंगे पर विपक्ष द्वारा राजनीति किए जाने की आलोचना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सभी को साथ लेकर चलना चाहते हैं और विपक्ष को मीन मेख निकालने की आदत है। अगर किसी एक डिपो होल्डर ने गलती की है, उसकी सजा दी जा चुकी है।

Tags

Next Story