BJP की गाेहाना रैली : खराब मौसम होने की वजह से नहीं पहुंचे अमित शाह, फोन से किया संबोधित

BJP की गाेहाना रैली : खराब मौसम होने की वजह से नहीं पहुंचे अमित शाह, फोन से किया संबोधित
X
खराब मौसम के कारण शाह के हेलीकॉप्टर को उड़ान भरने की अनुमति नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया।

हरिभूमि न्यूज. सोनीपत। खराब मौसम के कारण केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) को रविवार को गोहाना में आयोजित जन उत्थान रैली में नहीं पहुंच सके। खराब मौसम के कारण शाह के हेलीकॉप्टर को उड़ान भरने की अनुमति नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया और फोन पर जनसभा को संबोधित किया।

फोन पर अपने संबोधन में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि आज मैं इस रैली में बड़े मन से आप लोगों से मिलने आना चाहता था। हैलीकॉप्टर से आना चाहता था, लेकिन मौसम खराब था। गाड़ी से निकला तो दो घंटे का समय लग रहा था। इस पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने निवेदन किया कि आप फोन के माध्यम से ही रैली को संबोधित करें।

अमित शाह ने कहा कि जो गोहाना में रैली रखी है, उसका मकसद है कि हरियाणा की सभी की सभी सीटों पर कमल खिलें और एक बार फिर से नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाएं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में विकास हुआ, भ्रष्टाचार कम हुआ है, कानून व्यवस्था लागू हुई है, जातिवाद समाप्त हुआ है। विकास इतना हुआ, जिसके आप सभी साक्षी हैं। 70 साल जितना विकास नहीं हो सकता था, वो हरियाणा में 8 साल में हुआ है। ना नौकरियों के लिए क्रप्शन है। पढ़े लिखे सरपंच हरियाणा को आगे बढ़ा रहे हैं। आज मैं नहीं आ पाया हूं मगर नजदीक के भविष्य में गोहाना आकर आप लोगों से मिलूंगा। हम सब मिलकर फिर से एक बार नरेंद्र मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए पुरुषार्थ करेंगे। हरियाणा की हर सीट हर लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी का कमल खिलेगा, उसका मुझे विश्वास है। मैं फिर से एक बार आप सभी से क्षमा प्रार्थना कर अपनी बात को समाप्त करता हूं। अपने संबोधन के अंत में अमित शाह ने वंदे मातरम और भारत माता की जय का नारा लगाया।

अमित शाह के फोन के जरिए संबोधन के उपरांत सीएम मनोहर लाल ने फिर से माइक संभाला और कहा कि मित्रों जैसा अमित शाह ने बताया कि उनको समय लगने वाला है, लेकिन हमने मना किया, इसीलिए वे नहीं पहुंच पाए। हमें उनकी पूरी बात सुननी थी, नहीं सुन पाए। इसीलिए दोबारा से उनको बुलाएंगें और उनकी पूरी बात सुनेंगे।

हमने प्रदेश में खत्म किया बीबीसी कल्चर : सीएम

रैली में इससे पूर्व सीएम मनोहर लाल ने अपने संबोधन को खराब मौसम से जोड़ते हुए शुरू किया। सीएम मनोहर लाल ने कहा कि मैं इस बात की प्रशंसा करता हूं इंद्र देव ने परीक्षा ली है। इस परीक्षा के समय में भी प्रदेश के कोने-कोने से जनसमूह रैली में आया है। आज दुर्गाष्टमी का त्यौहार, गुप्त नवरात्रों की दुर्गाष्टमी है। देश में प्रधानमंत्री और गृहमंत्री सरकार चल रहा हैं, उसी तरह हम हरियाणा में सरकार चला रहे हैं। हम से पहले प्रदेश में भय और भ्रष्टाचार का वातावरण चल रहा था, हमने इसे हटाया है। जैसे देश को आगे मोदी ने बढ़ाया है, वैसे हमने प्रदेश को आगे बढ़ाया है। हमने ऐसे बहुत से काम किए हैं और करते रहें। हमने ऊपर से लोगों की सेवा करने की बजाए नीचे से सेवा शुरू की। हमारी डबल इंजन की सरकार है, केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार और प्रदेश में भाजपा की काम कर रही है। प्रदेश में बीबीसी का खात्मा किया है। बीबीसी मतलब बदलियां, भर्तियां, सीएलयू, हमने ये बंद कर दिया है। लोगों के घर बैठे राशन कार्ड बनें हैं, पेंशन बन रही हैं। योजना के तहत फसलों के दाम उनके खातों में सीधे भेजे जा रहे हैं। जो भ्रष्टाचार करने के आदी थी, हमने उनके पत्ते काट दिए, उनके रस्से काट दिए, उनको बेरोजगार कर दिया। जो हमारे कांग्रेसी कहते हैं कि बेरोजगारी बढ़ गई है। मैं समझता हूं जो भ्रष्टाचार और इस प्रकार के कैंसर के रोगी भ्रष्टाचार करते थे, इन लोगों के आगे-पीछे घुमते थे। वे लोग बेरोजगार हो गए हैं, इन्हीं लोगों को जोड़कर कांग्रेसी कहते हैं कि बेरोजगारी बढ़ गई है। हम गरीब लोगों को रोजगार देने के लिए काम कर रहे हैं। हमने 8.50 लाख प्राइवेट नौकरी और 1 लाख से अधिक को सरकारी नौकरी दी है। मुख्यमंत्री अंतोदय योजना के तहत 32 हजार लोगों को लाभ पहुंचाया हैं। हर वर्ग को लाभ पहुंचाया हैं। प्रदेश में अच्छा वातावरण खड़ा करना है, लोगों को संस्कारित करना हैं। हमने योजना बनाई जिसके तहत बड़े-बड़े महापुरुषों की जयंती मनाई, उनके नाम से संस्थानों के नाम रखे। सुकमा यूनिर्विसटी का नाम पंडित लख्मीचंद, फरीदाबाद की यूनिवर्सिटी, हिसार का एयरपोर्ट ऐसे उदाहरण हैं। हमें गरीब परिवारों की सहायता करनी होगी। परिवार पहचान पत्र के माध्यम से हमने आयुष्मान योजना को आगे बढ़ाते हुए गरीब लोगों को स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध करवाया है। गरीब परिवारों के लिए कैंप लगाकर रोजगार उपलब्ध करवाया। आखिरी टेल तक पानी पहुंचाया। भावांतर योजना लागू, खेल कोटे से नौकरियों की बात करते हुए सीएम ने कहा कि हमने हरियाणा एक, हरियाणवी एक का नारा दिया था। जिसकी वजह से आज पूरा प्रदेश एक है। हमने सब विधायकों को 5-5 करोड़ दिए, चाहे किसी भी पार्टी का है। हमने ग्रामीण क्षेत्रों में विकास करवाया। अपने इस संबोधन के उपरांत सीएम मनोहर लाल ने फोन के जरिए केंद्रीय गृह मंत्री का संबोधन लोगों को सुनाया।

सीएम के संबोधन पर दिखाई काली चादर तो किया काबू

जन उत्थान रैली का विरोध करने के लिए सरपंचों, आम आदमी पार्टी, जयहिंद सेना आदि ने ऐलान किया था। इनमें से अधिकतर को तो एक दिन पहले ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। इसके बावजूद कुछ लोग रैली स्थल तक पहुंचने में कामयाब हो गए। रैली में जब सीएम मनोहर लाल ने मंच से अपना संबोधन शुरू किया, वैसे ही रैली में शामिल इन लोगों ने काली चद्दर और अन्य काले रंग के कपड़ों को हवा में लहाराना शुरू कर दिया। हालांकि पुलिस ने तुरंत ही इन लोगों को काबू कर लिया और हिरासत में ले लिया। जिसकी वजह से रैली स्थल पर पीछे की ओर काफी देर तक अव्यवस्था भी रही।

Tags

Next Story