लोकसभा चुनाव 2024 के लिए अभी से तैयारी में जुटी BJP, वरिष्ठ नेताओं ने पंचकूला में किया कई राज्यों की सीटों पर मंथन

लोकसभा चुनाव 2024 के लिए अभी से तैयारी में जुटी BJP, वरिष्ठ नेताओं ने पंचकूला में किया कई राज्यों की सीटों पर मंथन
X
हरियाणा, पंजाब, हिमाचल, चंडीगढ़ और जम्मू कश्मीर इन सभी राज्यों की सीटों को लेकर पंचकूला में सोमवार को मंथन हुआ। बताया गया है कि हिमाचल को छोड़कर बाकी सभी राज्यों के वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारियों का कोरम पूरा था।

योगेंद्र शर्मा : चंडीगढ़

हाल ही में 5 राज्यों के चुनाव एवं चार राज्यों में बड़ी सफलता प्राप्त करने के बाद उत्साहित भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने वर्ष 2024 मिशन को कामयाब करने के लिए अभी से गहन चिंतन-मंथन के साथ ही इसे अमलीजामा पहनाने की शुरुआत कर दी है। इस कार्य के लिए भयंकर गर्मी के बावजूद पार्टी पदाधिकारी अभी से पसीना बहाने में जुट गए हैं।

भारतीय जनता पार्टी के सूत्रों ने बताया कि राज्यों में लोकसभा की चुनौतीपूर्ण सीटों को सबसे पहले टारगेट किया जा रहा है। इस क्रम में हरियाणा भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ एवं सांसद नायब सैनी के अलावा सांसद नरेश बंसल, राजीव जैन पूर्व मीडिया एडवाइजर एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता सहित अन्य प्रमुख नेताओं ने पंचकूला साकेतड़ी निश्चित नए भाजपा कार्यालय में लोकसभा चुनाव 2024 मिशन को लेकर चिंतन मंथन किया। इस दौरान लोकसभा की सिरसा सीट के साथ-साथ रोहतक और सोनीपत, अंबाला, कुरुक्षेत्र आदि पर चर्चा आने वाले वक्त के लिए रणनीति के बाद इस पर अमलीजामा किस तरह पहनाना है, गहन मंत्रणा हुई। कुल मिलाकर मिशन 2024 लोक सभा से संबंधित इस बैठक को लेकर बेहद गोपनीय रखा गया।

कुल मिलाकर हरियाणा, पंजाब, हिमाचल, चंडीगढ़ और जम्मू कश्मीर इन सभी राज्यों की सीटों को लेकर पंचकूला में सोमवार को मंथन हुआ। बताया गया है कि हिमाचल को छोड़कर बाकी सभी राज्यों के वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारियों का कोरम पूरा था। वैसे तो मिशन 2024 के लिए खुद देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहल करते हुए अभी से यात्रा का सिलसिला शुरू कर दिया है। इस क्रम में भारतीय जनता पार्टी की ओर से एक टीम का गठन किया गया है जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ को संयोजक और राष्ट्रीय सचिव ऋतुराज सिन्हा को सह संयोजक बनाया गया है। प्रधानमंत्री की रैलियों को लेकर व्यवस्था के हिसाब से राष्ट्रीय सचिव अरविंद मेनन को इस टीम का हिस्सा बनाया गया है इतना ही नहीं पार्टी में महिलाओं की भागीदारी के लिए राष्ट्रीय सचिव अलका गुर्जर को भी शामिल किया गया है। पश्चिमी यूपी से भी कई चेहरों को इस टीम में जगह दी गई है।

हार वाले चुनौतीपूर्ण मतदाता बूथ पर नजर

भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनाव में ऐसे चुनौतीपूर्ण मतदान बूथ पर फोकस करेगी जहां पर भाजपा को हार मिली थी। इस कार्य के लिए लोकसभा सीटों के संयोजक और प्रभारी बुलाए गए थे। कई राज्यों के प्रभारी नरेश बंसल ने इस दौरान प्रतिनिधियों को इन बूथों पर अभी से जुट जाने का मंत्र दिया है। हरियाणा और चंडीगढ़ जम्मू कश्मीर की बैठक एक ही स्थान पर जबकि 2 दिन 9 राज्यों की चंडीगढ़ शहर में बैठक हुई है।

वर्ष 2019 में लोकसभा चुनाव के दौरान हुई थी 142 रैलियां

वर्ष 2019 में खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पसीना बहाते हुए ताबड़तोड़ रैलियां की थी। इनकी संख्या 142 बताई जा रही है। बताया गया है कि एक लाख के किलोमीटर की यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल ओडिशा महाराष्ट्र मध्य प्रदेश, राजस्थान, कर्नाटक और गुजरात पर विशेष फोकस किया था। इस बार इससे भी ज्यादा रैलियां और कार्यक्रम रखे जाने की तैयारी है। यहां पर उल्लेखनीय है कि देश में 3 साल पहले 11 अप्रैल से 19 मई 2019 के बीच 7 चरणों में लोकसभा चुनाव हुआ और चुनाव के नतीजे 23 मई को आए थे। 303 सीटों पर भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की और भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन ने कुल 353 सीटों पर जीत हासिल की।

Tags

Next Story