सम्मान दिवस रैली : भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने पहनी इनेलो की हरी पगड़ी

सम्मान दिवस रैली : भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने पहनी इनेलो की हरी पगड़ी
X
जींद में सम्मान दिवस रैली को इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला, पंजाब के पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल, जम्मू कश्मीर के पूर्व सीएम फारूख अबदूला, जेडीयू के राष्ट्रीय महासचिव केसी त्यागी, भाजपा नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने किया संबोधित।

हरिभूमि न्यूज. जींद

पूर्व उप प्रधानमंत्री स्व. देवीलाल की 108वीं जयंती पर मनाए जा रहे सम्मान दिवस समारोह में इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला, पंजाब के पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल, जम्मू कश्मीर के पूर्व सीएम फारूख अबदूला, जेडीयू के राष्ट्रीय महासचिव केसी त्यागी, भाजपा नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। मंच पर राजनीतिक बदलाव की बात हुई तो वहीं क्षेत्रिय दलों को एकजुट कर भाजपा को सत्ता से बाहर करने तथा कांग्रेस को सत्ता से दूर रखने का आह्वान किया गया।

पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह का सम्मान समारोह में पहुंचना तथा हरी पगड़ी पहनना चर्चा का विषय बना रहा। उधर, सम्मान दिवस रैली में पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा, यूपी के पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव, आरएलडी के जयंत चौधरी नहीं पहुंचे, उनके संदेश मंच पर पढ़ कर सुनाए गए। इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। साथ ही ऐलनाबाद उपचुनाव के बाद गठबंधन टूटने की बात भी की। साथ ही उन्होंने इनेलो की सरकार बनने पर किसान कमेरा वर्ग तथा कर्मियों और आमजन हितैषी फैसले लेने का वायदा भी किया।

भाजपा सरकार आंतकवादियों से भी खतरनाक : फारूख अब्दुल्ला

जम्मू कश्मीर के पूर्व सीएम फारूख अब्दुल्ला के निशाने पर केंद्रीय भाजपा सरकार रही और उन्हें आंतकवादियों से भी खतरनाक बताया। उन्होंने कहा कि राम केवल भाजपा और आरएसएस का नहीं बल्कि राम भारत में रहने वाले हर हिन्दू, मुस्लिम, सिक्ख ईसाई का बताया। साथ ही उन्होंने पड़ाेसियों से मित्रता और अपने से छोटे देशों को साथ रखने की नसीहत भी भाजपा सरकार को दी और साफ कहा कि भाजपा सरकार के चलते देश के किसी भी पडोसी देश के साथ दोस्ताना संबंध नहीं है। धारा 370 को खत्म कर आंतकवाद खात्मे की बात कही गई हकीकत में ऐसा कुछ नहीं है। जिस समय भारत पाकिस्तान का बंटवारा हुआ जम्मू कश्मीर ने गांधी का हाथ थामा था और भारत के साथ रहने का निर्णय लिया था। किसानों के हक में काले कानून खत्म करने होंगे। भारत को मजबूत करो और एक दूसरे से हाथ मिला कर चलो। भारत को मजबूत करना हमारा पहला काम होना चाहिए।

अपने-अपने सूबों में रीजनल पार्टी की सरकार बनाएं : प्रकाश सिंह बादल

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि 70 साल से ज्यादा सियासी तजुर्बा है जिसमें यही है कि अपने-अपने सूबों में रीजनल पार्टी की सरकार बनाएं। जो लोग आपको जानते नहीं, दिल्ली में बैठे हैं, किसान और मजदूर की तकलीफ नहीं देखी, वो आपकी जमीन का क्या हाल कर सकते हैं। जब तक आप रीजनल पार्टी को शक्ति नहीं देंगे उस वक्त तक आपका कुछ नहीं हो सकता है। रीजनल पार्टी सारी देश की इकट्टी की जाए। चौधरी देवीलाल ने सभी क्षेत्रिय दलों को 1989 में एकजुट किया था। नॉन कांग्रेस सरकार में चौधरी देवीलाल को हिंदुस्तान का प्रधानमंत्री चुना गया लेकिन उन्होंने अपनी जगह वीपी सिंह को कहा। ऐसे कोई पद नहीं छोड़ता। इतनी बड़ी कुर्बानी कोई और नहीं केवल चौधरी देवीलाल कर सकते थे। उनमें सादगी थी। सादा जिंदगी और कुर्बानी उनकी जिंदगी का हिस्सा थी। जो नेता आए हैं वो एक-एक वर्कर बन जाएं और सरकार उनकी बनें जिन्हें आपकी तकलीफ पता है।

किसान की आमदनी मजदूर से भी कम : केसी त्यागी

जनता दल युनाइटेड के राष्ट्रीय महासचिव केसी त्यागी ने किसान आंदोलन को लेकर कहा कि सरकारी आंकड़े के मुताबिक किसान की आमदनी 27 रुपयेे है जबकि मजदूर को इससे कहीं अधिक मिलते हैं। किसान मजदूर से भी कम आमदनी में अपने खेतों में दिन-रात मेहनत करता है। काले कानूनों के खिलाफ जो किसान आंदोलनरत हैं वो सिद्धांतों और नीति पर विश्वास करने वाले हैं। अब वक्त है नए संकल्प व नए इरादों के साथ इकट्टा होने का। नितिश कुमार रैली में आना चाहते थे लेकिन जब भी जरूरत हो तो नितिश कुमार आपके साथ हैं।

देवीलाल ने जो सम्मान दिया उसे भूल नहीं सकते : बीरेंद्र सिंह

पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने कहा कि ओपी चौटाला आपकी गिनती समाज में राजनीति में एक वरिष्ठ और बजुर्ग नेता के तौर पर होती है। चौटाला लिखो या ना लिखो जब ओमप्रकाश बोला जाएगा तो वो आपका नाम होगा। हरियाणा की राजनीति हमेशा देवीलाल के ईद गिर्द घूमी है। उन्होंने समाज को लड़ने का, संघर्ष का अपने अधिकारों को मांगने का रास्ता दिखाया। जिस पर आज भी हरियाणा चल रहा है। यह रास्ता केवल हरियाणा के लिए नहीं बल्कि देशव्यापी रास्ता है। किसानों के अधिकारों, नौजवानों के भविष्य, महिलाओं के अधिकारों की बात हो, इन अधिकारों के लिए किसान व कमरे वर्ग को दीन बंधू सर छोटूराम ने झकझोरा और कहा कि तू लड़, उठ और वो उन्हें राज दिलाएंगे। 100 साल पहले इस चीज को पैदा किया। चौधरी देवीलाल ने इस काम को आगे बढ़ाया। जिस नेता के साथ, जिस व्यवस्था के साथ 85 प्रतिशत लोग नहीं जुटेंगे तो एक नए प्रजातंत्र का उदय होगा। देश में यह संदेश जाएगा कि यह हमारा प्रजातंत्र है। ऐसी व्यवस्था को कायम करने के लिए आपके प्रयास चाहिए। व्यवस्था को खराब करना है तो जाति-पाति को लड़ा दो सब कुछ खत्म हो जाएगा। ऐसी ताकतों का मुंह तोड़ जवाब दो। चौटाला ने निमंत्रण दिया और कहा कि आना है। उन्होंने सोचा कि बीरेंद्र भाजपा में है, आएगा या नहीं लेकिन उनके लिए देवीलाल आदर्श हैं। देवीलाल ने उन्हें सम्मान दिया वो उसे भूल नहीं सकते। उन्होंने कहा कि तीन नारे लगवाएंगे धरती माता की जय, धरती माता की जय, भारत माता की जय।

Tags

Next Story