भाजपा नेता की फेसबुक आईडी हैक कर मांगे रुपये, ट्रू कालर पर नाम आया फ्रॉड चीटर

हरिभूमि न्यूज . गोहाना
भाजपा के दिग्गज नेता बलराम कौशिक की फेसबुक आईडी हैक कर ली गई। बिहार के आरोपी ने कौशिक के दोस्तों से पैसे की खुली मांग की। हैक आईडी पर बिहार के 3 नम्बर मिले। इनमें से ट्रू कालर पर जांचने पर एक नम्बर का नाम फ्रॉड चीटर मिला। भाजपा नेता ने गोहाना सदर थाने को लिखित शिकायत दी है।
बलराम कौशिक गोहाना भाजपा मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष हैं। वर्तमान में भी वह सोनीपत जिला भाजपा के उपाध्यक्ष हैं। शनिवार की सुबह 8 बजे वह जब अपने गांव बड़ौता में थे, तब बरोदा हलके के पूर्व विधायक रामफल चिड़ाना के बेटे देवेन्द्र चिड़ाना का फोन आया। देवेन्द्र ने उन्हें बताया कि उनकी फेसबुक की आईडी हैक हो गई है और आरोपी उनके दोस्तों से पैसे अपने खाते में डलवाने की मांग कर रहा है। ऐसे 3 मामले प्रकाश में आए जिनसे आरोपी ने बलराम कौशिक बन पैसे की मांग की। सोनीपत नगर निगम के सैक्टर 14 के निगम पार्षद जतिन मदान से 40 हजार रुपए मांगे गए। गिड़गिड़ाते हुए आरोपी 15 हजार पर आ गया।
गोहाना शहर के लैम्पो मिस्त्री के बेटे विकास से 45 हजार रुपए मांगने के बाद आरोपी 15 हजार पर आ गया। भाजपा नेता बलबीर दोदवा से भी 35 हजार मांगने के बाद आरोपी 5 हजार पर आ गया। ये डिमांड फेसबुक मैसेंजर के जरिए मैसेज भेजते और रिप्लाई करते हुए की गईं। इस पर जब बलराम कौशिक ने अपनी हैक आईडी की जांच की, तब उन्हें वहां बिहार के 3 फोन नम्बर मिले। तीनों नम्बर डायल किए। एक ने नम्बर नहीं उठाया, दूसरे ने अपना नाम नहीं बताया। तीसरे का नाम ट्रू कालर पर फ्रॉड चीटर आया। कौशिक के अनुसार आरोपी फोन पर इंकार करते हुए यह नहीं बता सका कि उसने उनकी आईडी हैक क्यों की। भाजपा नेता की शिकायत पर गोहाना सदर थाने की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS