पंचायत चुनाव को लेकर मिशन मोड पर भाजपा : एक सप्ताह में चार हजार बैठकें, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी करेंगे प्रवास

पंचायत चुनाव को लेकर मिशन मोड पर भाजपा : एक सप्ताह में चार हजार बैठकें, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी करेंगे प्रवास
X
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष औमप्रकाश धनखड़ ने रोहतक में आयोजित पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इसी दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा दो दिन के प्रदेश प्रवास पर रहेंगे।

संगठनात्मक विस्तार, पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव और सरकार द्वारा चलाई जा रही गरीब कल्याण की नीतियों की अंतिम पात्र तक पहुंच सुनिश्चित करने को लेकर भाजपा सितंबर के प्रथम सप्ताह में बड़े स्तर पर मिशन मोड में बैठकें आयोजित कर रही है। एक से आठ सितंबर तक चार हजार शक्ति प्रमुखों की बैठक होंगी और इन बैठकों में लगभग एक लाख कार्यकर्ता भागीदार बनेंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष औमप्रकाश धनखड़ ने रोहतक में आयोजित पांच जिलों नामत: रोहतक, चरखी दादरी, सोनीपत, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी के पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इसी दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा दो दिन के प्रदेश प्रवास पर रहेंगे।

धनखड़ ने पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में चार हजार शक्ति केंद्र प्रमुख हैं। शक्ति केंद्र प्रमुख स्तर पर होने वाली इन बैठकों में ग्राम प्रमुख, सह ग्राम-प्रमुख, त्रिदेव को बुलाया जाएगा। शक्ति केंद्र के बड़े नेता भी इन बैठकों में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि एक शक्ति केंद्र पर औसत:25 कार्यकर्ताओं की सूची तैयार हो रही है। यह कैडर की बैठक हैं और पार्टी कैडर को ही बैठक में बुलाया जाएगा। उन्होने कहा कि इन बैठकों में पंचायत चुनाव, संगठनात्मक विस्तार,पन्ना प्रमुख,सरकारी योजनाओं के लाभार्थी कौन हैं और कौन नहीं, इस पर विस्तार से अध्ययन होगा।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पंचायत चुनाव सिंबल पर लड़े , इसका फैसला चुनाव समिति करेगी । पार्टी कार्यकर्ताओं को हर स्तर पर कार्य करते हुए जीत की रणनीति बनाकर कार्य करना है। उन्होंने कहा कि पदाधिकारी पहले संगठन की मजबूती के लिए नये पन्ना प्रमुख बनाने पर अपना फोकस करें। नये पन्ना प्रमुखों के जुड़ने के बाद पन्ना समिति पर काम किया जायेगा। उन्होंने कहा कि पन्ना प्रमुख पार्टी के लिए सबसे महत्वपूर्ण हैं, इसलिए हरेक बूथ पर इनकी नियुक्ति जल्द से जल्द करने का लक्ष्य सभी जिलों में लिया जाना चाहिए। गौरतलब है कि प्रदेश अध्यक्ष शक्ति केंद्र प्रमुख की बैठकों की तैयारियों को लेकर मंगलवार को गुरुग्राम और बुधवार हो हिसार में पांच-पांच जिलों के पदाधिकारियों की बैठक लेंगे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा के दो दिवसीय प्रदेश प्रवास की तैयारियां जोरों पर

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने रोहतक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा के दो दिवसीय प्रवास की तैयारियों को लेकर पार्टी पदाधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की। बैठक में प्रदेश संगठन मंत्री रविंद्र राजू, प्रदेश महामंत्री मोहनलाल बडौली, एडवोकेट वेदपाल और डॉ पवन सैनी शामिल हुए। धनखड़ ने पार्टी पदाधिकारियों को राष्ट्रीय अध्यक्ष के दो दिवसीय प्रवास के कार्यक्रमों को सफल बनाने के दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल के भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा के दो दिवसीय प्रवास कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में उमंग व उत्साह का माहौल है।


Tags

Next Story