Blind Murder केस का खुलासा : अवैध संबंधों के शक में पति ने की थी पत्नी की हत्या

- 6 साल में पुलिस ने सुलझाया महिला की हत्या का मामला
- वारदात के बाद झारखंड में ई रिक्शा चला रहा था आरोपी
- हत्या के बाद शव को साथियों के साथ मिलकर नाले में था फेंका
Gurugram : सदर थाना एरिया में महिला की हत्या के ब्लाइंड मर्डर को पुलिस ने छह साल बाद सुलझा लिया। आरोपी ने अवैध संबंधों के शक के चलते अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी थी और अपने साथियों के साथ मिलकर शव को नाले में फेंक दिया था। हत्या के बाद आरोपी झारखंड में ई रिक्शा चला रहा था। पुलिस ने मामले में आरोपी पति को झारखंड से गिरफ्तार किया। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया, ताकि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की जा सके।
दरअसल, 9 फरवरी 2017 को सदर थाना पुलिस को गांव घसौला में ड्रेन के पास एक महिला का शव मिला था। महिला की पहचान नहीं हो पाई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई थी। मामले में मृतक महिला की पहचान न होने के कारण केस को अनट्रेस करके बंद कर दिया गया था। इसके बाद हाल ही में शुरू हुई पुलिस की जनसुनवाई के दौरान सदर थाना पुलिस के सामने यह मामला आया। जिसमें सदर थाना प्रभारी ने अपनी टीम के साथ मिलकर इस ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी को सुलझा लिया। मामले की जांच के दौरान सामने आया कि मृतक महिला एक कंपनी में सफाई कर्मचारी थी जो इसी कंपनी में हाउस कीपिंग का काम करने वाले रंग बहादुर यादव के साथ रहती थी। दोनों ने शादी कर ली थी। वहीं रंग बहादुर को शक हुआ कि उसकी पत्नी किसी दूसरे व्यक्ति से बातचीत करती है। इसी शक में उसने अपनी पत्नी अनीता की हत्या कर दी और शव को अपने साथियों के साथ मिलकर घासौला के ड्रेन में डाल दिया।
एसीपी क्राईम वरुण दहिया ने बताया कि आरोपी रंग बहादुर यादव को झारखंड से पकड़ा है। यहां आरोपी ने तीसरी शादी की हुई थी। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद गुरुग्राम अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपी के अन्य साथियों का पता लगाकर उनकी भी गिरफ्तारी की जाएगी।
यह भी पढ़ें - Hisar : पत्नी के हत्यारे रिटायर्ड फौजी को उम्रकैद की सजा
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS