यमुनानगर में खूनी संघर्ष : दो समुदायों के बीच जमकर चले ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे, 16 से अधिक लोग घायल, इस कारण भड़का विवाद

हरिभूमि न्यूज.रादौर/यमुनानगर
गांव नागल में सोमवार सुबह दो पक्षों के बीच खुनी संघर्ष हो गए। खूनी संघर्ष में दोनों ओर से लाठी, डंडे, ईंट व पत्थर चलने से दोनों पक्षों के दर्जन भर से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल, डीएसपी रजत गुलिया व डीएसपी प्रमोद कुमार पुलिस बल के साथ गांव में पहुंचे और स्थिति को संभाला। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस मामले में कार्रवाई करने में लगी है।
ऐसे भड़का विवाद
नागल गांव में बीती रात नरेंद्र धीमान के यहां कान्हा जी का जागरण करवाया जा रहा था। वहीं, दूसरे समुदाय के समीम के लड़के मोमिन व लड़की की शादी का समारोह चल रहा था। लड़की की डोली जा चुकी थी और वहां डीजे बजाया जा रहा था। रात के 11 बजे के करीब गांव कमालदीन व उसका भाई इंतजार जागरण वाली जगह पर पहुंचे और उसे बंद करवाने पर अड़ गए। इसी दौरान नरेंद्र धीमान ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही जठलाना थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझा कर शांत कर दिया। मगर सोमवार तड़के जागरण की समाप्ति पर आरती के चलने के दौरान इंतजार अपने साथियों के साथ फिर वहां पहुंच गया। जिस पर विवाद बढ़ गया। इसी विवाद के चलते दोनों पक्षों के बीच जमकर ईंट, पत्थर, लाठी व डंडे चलने लगे। दोनों पक्षों के करीब दर्जन भर लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
दोनों पक्षों ने लगाया एक दूसरे पर आरोप
एक पक्ष के दिलशाद व अव्वल हसन ने बताया कि सोमवार सुबह समीम के लड़के की बारात चलने की तैयारियां चल रही थी। इसी बीत दूसरे पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। मौके पर आरोपितों ने सामान भी तोड़ फोड़ दिया। उन्होंने बताया कि उनके पक्ष के जुल्फान, शमशाद, रफीक, रशीद, सादिक, आरिफ, तब्बसुम व तन्नू घायल हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष के नीरज, भूप सिंह, शक्ति, दीपक व नरेंद्र समेत दस लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों के घायलों को अस्पताल में भरती करवाया गया। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने दोनों पक्षों को शांति व्यवस्था बनाए रखने व मामले में उचित कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS