डीजे पर डांस करते समय विवाद : हत्या के बाद कुएं में डाले थे शव, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

डीजे पर डांस करते समय विवाद :  हत्या के बाद कुएं में डाले थे शव, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
X
कुएं में गिरने से मौत मानकर चल रही पुलिस ने इस बात का खुलासा किया है कि दोनों युवकों की हत्या करने के बाद शवों को कुएं में डाला गया था।

हरिभूमि न्यूज. रेवाड़ी

तीन दिन पूर्व कन्होरा में एक कुए से मिले दो युवकों के शवों के मामले में नया मोड़ आया है। कुएं में गिरने से मौत मानकर चल रही पुलिस ने इस बात का खुलासा किया है कि दोनों युवकों की हत्या करने के बाद शवों को कुएं में डाला गया था। पुलिस ने इस मामले में गांव के ही दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है।

अमित और अमन दोनों दोस्त थे। वह मेहनत-मजदूरी करके परिवार चला रहे थे। बीते सप्ताह दोनों काम की तलाश में घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद घर नहीं लौटे। परिजनों ने दोनों की तलाश शुरू की थी। उनके शव गांव के बाहर खेतों में एक कुएं से बरामद हुए थे। कुएं के पास से शराब की खाली बोतल भी बरामद हुई थी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया था। शुरू में पुलिस ऐसा मान रही थी कि दोनों युवकों की कुएं में गिरने से मौत हुई है, परंतु जांच का दायरा बढ़ने के बाद इस बात का खुलासा हुआ कि गांव के ही राजा और रोहित ने दोनों की बोतल से सिर फोड़कर हत्या करने के बाद शव कुएं में डाले थे।

बाइक पर बैठाकर ले गए थे दोनों

पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि गांव में डीजे पर डांस करते समय राजा और रोहित का अमित और अमन के साथ झगड़ा हो गया था। बाद में जब वह दोनों रेहड़ी पर बैठे हुए थे, तो राजा और रोहित उन्हें बाइक पर अपने साथ लेकर गए थे। इसके बाद दोनों के सिर पर बोतल से वार करके उनकी हत्या कर दी गई। दोनों शवों को कुएं में डालकर दोनों फरार हो गए। हत्याकांड के बाद से ही दोनों आरोपियों के हाव-भाव बदले नजर आ रहे थे। पुलिस ने जांच के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

Tags

Next Story