Booster Dose : हरियाणा में भी फ्री लगाई जाएगी बूस्टर डोज, 75 दिन लगाए जाएंगे विशेष कैंप

Booster Dose : हरियाणा में भी फ्री लगाई जाएगी बूस्टर डोज, 75 दिन लगाए जाएंगे विशेष कैंप
X
मुख्य सचिव संजीव कौशल ने निर्देश दिए कि सचिवालय परिसर और अन्य सरकारी कार्यालयों में जहां भी आवश्यकता हो, वहां विशेष वैक्सीनेशन कैंप लगाए जाएं।

चंडीगढ़। आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत नागरिकों के स्वास्थ्य देखभाल की चिंता करते हुए देशभर में 15 जुलाई से 30 सितंबर तक कोविड वैक्सीनेशन अमृत महोत्सव मनाया जाएगा। इसके अंतर्गत 12 वर्ष आयु वर्ग और इससे ऊपर के सभी पात्र लाभार्थियों को म़ुफ्त में बूस्टर डोज लगाई जाएगी। मुख्य सचिव संजीव कौशल ने कहा कि हरियाणा में अगले 75 दिनों तक विशेष वैक्सीन कैंप लगाकर लाभार्थियों को बूस्टर डोज लगाने के कार्य में तेजी लाई जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा तैयारी कर ली गई है। मुख्य सचिव ने यह जानकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कैबिनेट सचिव की अध्यक्षता में सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों के साथ हुई बैठक में दी।

संजीव कौशल ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कोविड वैक्सीनेशन अमृत महोत्सव को जन अभियान बनाना है ताकि इन 75 दिनों में ही प्रदेश के पात्र लाभार्थियों को बूस्टर डोज अवश्य लगाई जाए। इसके अलावा, सचिवालय परिसर और अन्य सरकारी कार्यालयों में जहां भी आवश्यकता हो, में विशेष वैक्सीनेशन कैंप लगाए जाएं। साथ ही, स्कूल और कॉलेजों में भी इस प्रकार के कैंप लगाना सुनिश्चित करें।

13 से 15 अगस्त तक मनाया जाएगा हर घर तिरंगा अभियान

देश की आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत देशभर में 13 से 15 अगस्त, 2022 तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत हरियाणा में हर घर पर तिरंगा फहराया जाएगा। मुख्य सचिव ने कहा कि हरियाणा सरकार इस अभियान को सफल बनाने के लिए अथक प्रयास कर रही है। सभी नागरिक सौभाग्यशाली हैं कि उन्हें अपने घर पर तिरंगा फहराने का शुभ अवसर प्राप्त हो रहा है। तिरंगा हर भारतीय का गर्व है, इसी जज्बे के साथ देश के सम्मान में हरियाणावासी 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत तिरंगा फहराकर हरियाणा को देश में नंबर वन बनाएंगे। कौशल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर जिले में तिरंगे की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा, जिन सरकारी भवनों पर तिरंगा नहीं फहराया जा रहा, वहां भी फहराया जाए। उन्होंने कहा कि इस पूरे अभियान के दौरान सभी का यह परम कर्तव्य है कि तिरंगे का सम्मान करें।

हरियाणा ने पूरा किया हर घर जल मिशन का शत-प्रतिशत लक्ष्य

बैठक में जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल मिशन की प्रगति की भी समीक्षा की गई, जिसमें जल शक्ति मंत्रालय की ओर से अवगत कराया गया कि हरियाणा ने हर घर जल मिशन का शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर लिया है। मुख्य सचिव ने बताया कि केंद्र सरकार के निर्देशानुसार 2024 तक इस लक्ष्य को पूरा किया जाना था, लेकिन मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने 2 वर्ष पहले ही लक्ष्य को पूरा कर हर घर तक पानी पहुंचाने का कार्य किया है।

Tags

Next Story