Natural Farming पर मंथन : कुरुक्षेत्र के गुरुकुल में प्राकृतिक खेती का मॉडल देखने पहुंचे गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार को कुरुक्षेत्र के गुरुकुल में प्राकृतिक खेती के मॉडल पर गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से विस्तार से चर्चा की। उन्होंने प्राकृतिक खेती के मॉडल को जन-जन तक पहुंचाने के लिए ज्यादा से ज्यादा शोध करने और इसके विस्तार को लेकर बातचीत की। इस दौरान हरियाणा के बिजली मंत्री रणजीत सिंह, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जयप्रकाश दलाल और गुजरात के कृषि मंत्री राघव पटेल मौजूद रहे।
गौरतलब है कि गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल विशेष तौर पर प्राकृतिक खेती के मॉडल को जानने के लिए गुरुकुल कुरुक्षेत्र पहुंचे। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने उनका गुरुकुल में पहुंचने पर पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद गुजरात के राज्यपाल, दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों, हरियाणा के बिजली मंत्री, कृषि मंत्री, हरियाणा सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अधिकारियों और गुजरात के अधिकारियों के साथ प्राकृतिक खेती पर गहन मंथन किया। इसके बाद गुरुकुल के प्राकृतिक कृषि फॉर्म का दौरा कर वहां उगाई जा रही प्राकृतिक फसलों का बारिकी से अवलोकन किया।
प्राकृतिक खेती से किसान समृद्ध और खुशहाल होगा – आचार्य देवव्रत
गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि आज खेती में रसायनिक खाद व कीटनाशक का प्रयोग ज्यादा हो रहा है। इससे जमीन की ऊपजाऊ शक्ति कम हो रही है। आज हमें प्राकृतिक खेती अपनाने की जरुरत है। इससे किसान की लागत भी शून्य हो जाएगी और पानी का संरक्षण होता है। देशी गाय पर आधारित प्राकृतिक खेती से गाय का भी संरक्षण होता है। इससे पर्यावरण संरक्षण होता है और इससे बना भोजन शुद्ध होता है। किसान की आय बढ़ती है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि भारत का किसान समृद्ध हो और खुशहाल हो, इसलिए हमें प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की जरुरत है।
प्राकृतिक खेती को अपनाकर जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा : जेपी दलाल
हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि हरियाणा और गुजरात ने मिलकर प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए जो आदान-प्रदान किया है, उसे अभियान के रूप में अपनाकर प्रदेशभर में जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती देश के किसान के लिए जीवनदायिनी बन रही है। इससे उत्पन्न होने वाला अनाज, फल, सब्जी आदि सभी उत्पाद लोगों के लिए बहुत ही लाभकारी है। उन्होंने कहा कि गुजरात सरकार ने प्राकृतिक खेती को अपनाने के लिए जो निर्णय लिया है, वह काबिले तारीफ है और हरियाणा सरकार इसको लेकर बेहद गंभीर है। दलाल ने कहा गुजरात के राज्यपाल ने प्राकृतिक खेती का बीड़ा उठाकर किसानों की आमदनी बढ़ाने का जो लक्ष्य दिया है, हरियाणा सरकार उसे हर संभव तरीके से पूरा करेगी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS