भाई के दोस्त की करतूत : शादी से पहले रेप करके बनाई वीडियो, शादी के बाद करता रहा ब्लैकमेल

भाई के दोस्त की करतूत : शादी से पहले रेप करके बनाई वीडियो, शादी के बाद करता रहा ब्लैकमेल
X
महिला का वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए उसे और उसके पति को जान से मारने की धमकी दी। महिला पुलिस स्टेशन में आरोपित के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।

हरिभूमि न्यूज. रेवाड़ी

भाई के दोस्त ने शादी से पहले घर में अकेली पाकर दुष्कर्म किया। अश्लील वीडियो बनाया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर शादी के बाद भी वह महिला को अपने इशारों पर नचाता रहा। शादी के बाद जब उसने पैसे की डिमांड की तो एक बार महिला ने अपनी सोने की अंगूठी, तो एक कान के सोने के टोप्स दे दिए। इसके बावजूद युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। उसने महिला का वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए उसे और उसके पति को जान से मारने की धमकी दी। महिला पुलिस स्टेशन में आरोपित के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।

जिले के एक गांव की रहने वाली महिला ने बताया कि 14 फरवरी 2019 को रेवाड़ी के पायलट चौक के आसपास का रहने वाला उसके भाई का दोस्त एक दिन उनके घर पर आया था। उस समय वह अकेली थी। उसने उसे अपनी हवस का शिकार बनाते हुए मोबाइल फोन से अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद वह उसे वायरल करने की धमकी देते हुए बार-बार दुष्कर्म करता रहा। महिला ने बताया कि मार्च 2021 में उसकी शादी हो गई। शादी के बाद भी आरोपित युवक उसे वीडियो वायरल करने की धमकी देकर अपने इशारों पर नचाता रहा। 15 जून 2020 को उसने फोन करके ससुराल से बुलाया तथा उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद 20 दिसंबर 2020 को उसने फिर दुष्कर्म किया।

महिला का आरोप है कि 2 दिसंबर 2021 को वह उसके पास चला गया। उसने उससे 20 हजार रुपए की मांग की। रुपए नहीं होने के कारण उसने अपनी सोने की अंगूठी दे दी। महिला ने पुलिस शिकायत में बताया कि इस साल 11 फरवरी को उसने वीडियो वायरल करते हुए फिर से पैसे की मांग की। पैसे नहीं होने पर उसने अपने कान के सोने के टोप्स उसे दे दिए। इसके बाद 15 नवंबर जब वह अपने पति के साथ बहन की शादी में गांव आई, तो आरोपित वहां पहुंच गया। उसने उसे वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए कहा कि अगर वह उसकी बात नहीं मानेगी, तो उसे और उसके पति को जान से मार दिया जाएगा। उसकी शिकायत पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपित की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

Tags

Next Story