Jind : देवर ने भाभी को उतारा मौत के घाट

हरिभूमि न्यूज : नरवाना
गांव मंगलपुर में चरित्र पर संदेह के चलते देवर ने अपनी भाभी की गला घाेंट कर हत्या (killing) कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर महिला के शव को कब्जे में लिया और नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने महिला को मृत (Dead) घोषित कर दिया। मृतका के पति रणधीर ने पुलिस (police) को दी शिकायत में बताया है कि उसके छोटे भाई को उसकी पत्नी बिरजो के चरित्र पर संदेह था। जिसके चलते शुक्रवार को गुस्से में आकर मदन ने बिरजो की गला घोंट कर हत्या कर ली। पुलिस ने मृतका के पति की शिकायत पर मदन के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है और शव (Dead body) का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
सदर थाना प्रभारी महेन्द्र सिंह ने बताया कि परिजनों ने पुलिस को बताया है कि मदन व रणधीर की शादी उकलाना के सनियाना गांव में एक ही घर में हुई थी। कमलेश अपने पति मदन व बिरजो अपने पति रणधीर के साथ अलग-अलग रहे थे लेकिन पिछले कई माह से मदन अपनी भाभी के चरित्र को लेकर उस पर शक करने लगा था। जिसको लेकर कई बार दोनों के बीच कहासुनी भी हुई। लेकिन परिजनों के समझाने पर मामला शांत हो जाता था। इस बात का किसी को पता नही था कि मदन एक दिन इस मामले को लेकर अपनी भाभी को मौत के घाट भी उतार देगा लेकिन शुक्रवार को जब बिरजो घर में अकेली थी तो मदन उसके घर पहुंचा और उसे घसीटता हुआ ऊपर चौबारे में ले गया। जहां बिरजो की चुन्नी से ही उसका गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और मौके पर से फरार हो गया लेकिन जब परिवार के अन्य सदस्य घर पहुंचे तो उन्हें बिरजो का शव चौबारे में मिला। जिसकी सूचना सदर पुलिस को दी गई।
मजदूरी करती थी बिरजो
परिजनों ने बताया कि बिरजो घर के चूल्हे चौके साथ साथ मेहनत मजदूरी करके अपने परिवार के पालन पोषण करती थी। बिरजो का पति विवाह शादियों में स्टाल लगाने का काम करता है। लॉकडाउन के चलते परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा था तो रणधीर भी दिहाड़ी मजदूरी करके काम चला रहा था। शुक्रवार को भी वह अपने काम पर गया हुआ था लेकिन जब उसे अपनी पत्नी की हत्या की खबर मिली तो उसके पैरों तले से जमीन खिसक गई। उसकी बेटी व बेटा के सिर से मां का साया उठ गया है।
पति की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया
शहर थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि मंगलपुर गांव में मदन ने अपनी भाभी की गला घोंटकर हत्या कर दी। जिसके बाद पुलिस ने मृतका के पति की शिकायत पर मदन के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। महिला के चरित्र के संदेह के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस जल्द आरोपित को गिरफ्तार कर लेगी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS