नकली सोने के सिक्कों को असली बताकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार

हरिभूमि न्यूज : करनाल
देश के विभिन्न राज्यों में नकली सोने के सिक्कों को असली बता कर ठगी करने वाले एक गिरोह के चार सदस्यों को करनाल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 4 नकली चांदी के सिक्के, 95 नकली सोने के सिक्केे, 12 मोबाइल फोन, 20 अलग-अलग कंपनियों के सिमकार्ड व 50 हजार रुपये की नकदी बरामद की है। पकड़े गए आरोपियों को पुलिस ने रिमांड पर लिया है जहां उनसे गहनता से पूछताछ की जाएगी।
डिटेक्टिव स्टाफ इंचार्ज निरीक्षक हरजिद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नई अनाज मंडी के पास से मुख्य आरोपी मनोज कुमार व अर्जुन निवासी बरवाला रोड, सेक्टर-22 दिल्ली को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने दो साथियों शिवा वासी रविनगर दिल्ली व भीमा वासी सेक्टर 23 रोहिणी दिल्ली के नाम का खुलासा किया। जिस बिनाह पर आरोपियों शिवा व भीमा को पानीपत से गिरफ्तार किया गया।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपत पहले किसी बुर्जुग या गांव के व्यक्ति से घी लेने का सौदा करते हैं। फिर उसको दो असली सोने के सिक्के देते हैं और बोलते है आप इन्हें कंही भी चेक करवा सकते हैं और उनको कहते हैं कि हमें मजदूरी या खुदाई या कोई अन्य काम करते समय काफी सारे सोने व चांदी के सिक्के पाए हैं और हम इन सिक्कों को आपको सस्ते दामों पर दे देगें। बातों में फंसा कर नकली सिक्के को असली बता उनका सौदा कर लेते हैं। और सिक्के लेने वाला भी सस्ते दामों पर सोना मिलने के लालच में आ जाता है। जब खरीददार खरीदे गए इन सिक्केे को चेक कराता है तो ये सिक्के नकली निकलते हैं। इस प्रकार लोग ठगी का शिकार हो जाते हैें।
पूछताछ में आरोपितों ने करनाल में कई वारदात को अंजाम देने का खुलासा किया है। जिनमें हरदीप निवासी गांव ठरवा माजरा असंध ने दो अज्ञात आरोपियों द्वारा झांसा देकर 3/4 किलो नकली सोने के सिक्कों को असली बता कर पांच लाख रुपये की ठगी करने बारे थाना शहर करनाल में मामला दर्ज करवाया था। इस वारदात को मुख्य आरोपी मनोज व अर्जुन द्वारा अंजाम दिया गया था। इसके अलावा भी आरोपियों द्वारा जिला करनाल में ठगी की दो और वारदातों को अंजाम देने की बात का खुलासा किया गया।
15 वर्षों के दौरान कई राज्यों में की ठगी
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों द्वारा पिछले करीब 15 वर्षों के दौरान भारत के अधिकतर राज्यों में ठगी की करीब 50 वारदातों को अंजाम दिया जा चुका है। इनमें हरियाणा, गुजरात, दिल्ली, यूपी, बिहार, पंजाब, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश व अन्य राज्य शामिल है। आरोपियों ने खुलासा किया कि वह इन नकली सोने व चांदी के सिक्कों को दिल्ली व झांसी के सुनारों के साथ सांठ-गांठ करके बनवाते थे और इन वारदातों को अंजाम देने में इनके परिवार के काफी सदस्य भी शामिल हैं। आरोपियों को पुलिस ने अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ करेगी। गैंग के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया जाएगा और अन्य बरामदगी की जाएगी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS