भिवानी पशु मेला : ऊंट, घोड़े, भैंस, झोटे और बकरे ने किया कैट वॉक तो हैरान रह गए लोग, देखें तस्वीरें

हरिभूमि न्यूज : भिवानी
भिवानी में सेक्टर 13 के सामने आयोजित राज्य स्तरीय पशु प्रदर्शनी मेले के दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पशुधन प्रदर्शनी में रैंप पर ऊंट की सवारी कर उपस्थित भीड़ का अभिवादन किया। कार्यक्रम में पहुंचने पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने खुली जीप में सवार होकर पशु प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उसके बाद विजेता पशुओं के रैंप पर कैट वॉक का आनंद लिया। इस दौरान कृषि मंत्री जेपी दलाल, शिक्षा मंत्री कंवर पाल, सांसद धर्मबीर सिंह, विधायक घनश्याम सर्राफ व बिशंभर वाल्मीकि के अलावा पशुपालन विभाग के आयुक्त एवं सचिव पंकज अग्रवाल, एमडी एसके बागोरिया, निदेशक विरेंद्र लोरा सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी व हजारों की संख्या में किसान मौजूद रहे।
रैंप पर कैटवॉक के दौरान अपनी प्रतिभा दिखाता चार वर्षीय सुल्तान
झोटे ने की कैटवॉक
कार्यक्रम के दौरान सबसे पहले रैंप पर प्रदर्शनी के सर्वश्रेष्ठ पशु का नाम ईनाम हासिल करने वाले रोहतक निवासी देवेन्द्र पुत्र सतबीर सिंह ने अपने झोटे को कैटवॉक करवाई। उसके बाद हरियाणा नस्ल में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली झज्जर जिला के गांव गवालिसन निवासी बह्मप्रकाश की गाय ने रैंप पर उतर कर तालियां बटोरी। इसी प्रकार साहीवाल नस्ल में प्रथम स्थान हासिल पाने वाली करनाल जिला के नवदीप ने अपनी गाय को रैंप पर कैटवॉक करवाई। क्रॉसब्रीड नस्ल में महेन्द्रगढ़ जिला के गुढा निवासी नीटू की गाय प्रथम स्थान हासिल कर रैंप पर उतरी।
घुड़सवारी के दौरान करतब दिखाता हुआ घुड़सवार।
रैंप पर उतरी गीर नस्ल की गाय
इसी प्रकार गाय की गीर नस्ल में सोनीपत निवासी विरेन्द्र की गाय ने प्रथम स्थान प्राप्त कर कैटवॉक की। प्रदर्शनी में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले पशुओं की मुर्राह नस्ल में हिसार निवासी होशियार सिंह की भैंस दूसरे स्थान पर रहीं। इसी प्रकार हरियाणा नस्ल में पानीपत निवासी नरेन्द्र की गाय दूसरे स्थान पर, साहीवाल नस्ल में करनाल निवासी वासुदेव की गाय तथा क्रॉसब्रीड नस्ल में महेन्द्रगढ़ निवासी नीटू की गाय दूसरे स्थान पर रहीं।
रैंप पर अपना हुनर दिखाते हुए शेरू बकरा
विक्की के बकरे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया
प्रदर्शनी में भिवानी जिला के गांव ढाणी माहू निवासी विक्की के बकरे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार भिवानी जिला के गांव नांगल निवासी रजनीश की बकरी प्रथम स्थान पर रही तथा ढाणी माहू निवासी विक्की की युवा बकरी प्रथम स्थान पर रहीं। पशुधन प्रदर्शनी के आखिरी दिन मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से तीन ट्रैक्टरों के लिए ईनामी कूपन निकाले। यह पुरस्कार गांव गिगनाऊ के उमेद सिंह व भिवानी जिलावासी सत्यवान को दिया गया। तीसरा पुरस्कार विजेता प्यारेलाल मौके पर उपस्थित न होने के कारण उसे बाद में ट्रैक्टर नहीं दिया जाएगा। प्रर्दशनी में 60 लाख रुपए के ईनाम निकाले गए।
रैंप पर उतरा झोटा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS