कनाडा की तकनीक और हरियाणा के किसानों की मेहनत, खेती में स्थापित करेगी नए आयाम : जेपी दलाल

कुरुक्षेत्र : हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जेपी दलाल ने कहा है कि कनाडा की तकनीक और हरियाणा के किसानों की मेहनत खेती में एक नया आयाम स्थापित करेगी। इस तकनीकी के लिए कृषि प्रधान देश कनाडा और कृषि प्रधान राज्य हरियाणा एक-दूसरे के साथ आधुनिकतम तकनीक और मशीनरी को सांझा करेंगे।
जेपी दलाल ने यह बात मंगलवार को पिहोवा वेजिटेबल प्रोड्यूसर कम्पनी द्वारा जिला कुरुक्षेत्र के गांव तलहेड़ी के एफपीओ पैक हाऊस में आयोजित स्वच्छ बीज उत्तरी किसान प्रौद्योगिकी प्रदर्शन एवं कनाडा के प्रतिनिधिमंडल के साथ आयोजित कार्यक्रम के दौरान कही।
कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि कृषि प्रधान देश कनाडा की स्मार्ट सीडर मशीन का डेमो पिहोवा-कुरुक्षेत्र में दिखाया गया है। इस डेमो के बाद इस आधुनिक तकनीक की मशीन को भारत सरकार के माध्यम से खेती के लिए उपयोग किया जाएगा। इससे किसानों को निश्चित तौर पर फायदा होगा। उन्होंने कनाडा के पूर्व प्रधानमंत्री स्टीफन हार्पर, कनाडा के स्कैचवन राज्य के प्रीमियर स्कॉट मोई और बागवानी विभाग के महानिदेशक डाॅ. अर्जुन सिंह सैनी के साथ एफपीओ पैक हाउस का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने स्मार्ट सीडर मशीन का डेमोंस्ट्रेशन देखा और उसके बारे में विस्तार से जानकारी ली।
कृषि मंत्री ने कहा कि पेरिस, फ्रांस, हॉलैंड जैसे देशों में स्थापित दुनिया की सबसे बड़ी अंतरराष्ट्रीय मंडियों की तर्ज पर हरियाणा के गन्नौर में 550 एकड़ में अंतर्राष्ट्रीय सब्जी मंडी स्थापित की जाएगी। इसके लिए जल्द ही टेंडर अलाॅट कर दिए जाएंगे। इससे किसानों के उत्पाद विदेशों तक पहुंचेगे, इससे न केवल किसानों की आमदनी बढ़ेगी, बल्कि अन्य लोगों को भी रोजगार मिलेगा और मंडी में विश्व स्तर की सुविधाएं उपलब्ध होंगी और सुविधाएं होने से व्यापारी भी बड़ी संख्या में वहां आएंगे।
जेपी दलाल ने कहा कि वर्तमान में ड्रोन स्मार्ट एग्रीकल्चर का जमाना है, इसी तरह क्लीन सीड कृषि बदलाव की एक बेहतरीन तकनीक है, जो वर्तमान में सबसे आगे कार्य कर रही है। यह एक अद्वितीय हाई-डेफिनिशन सीडिंग तकनीकों में से एक मानी जाने वाली तकनीक है, जिससे कृषि में बदलाव लाया जा सके। इस तकनीक के लिए हरियाणा व कनाडा के स्कैचवन राज्य की टीम मिलकर कार्य करेगी।
कृषि मंत्री ने कहा कि कनाडा के कृषि प्रधान राज्य स्कैचवन से एक प्रतिनिधि मंडल का भारत आने का उद्देश्य कनाडा की स्मार्ट सीडर मशीन को भारत में प्रदर्शित करना है। इस मशीन को भारत की कृषि प्रणाली के हिसाब से संशोधित करके भारत में जल्द ही लाया जाएगा। किसानों की बदौलत ही आज देश में अन्न के भंडार भरे हुए हैं, किसानों को भी पद्मश्री सम्मान दिया जा रहा है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS