कैप्टन अभिमन्यु बोले- हमारा राष्ट्र पुन: गौरवशाली बनाने की विचारधारा पर आगे बढ़ रही भाजपा

हरिभूिम न्यूज : हिसार
प्रदेश के पूर्व वित्तमंत्री एवं पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि 1925 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना इस उद्देश्य के साथ की गई थी कि हमारा राष्ट्र पुन: गौरवशाली राष्ट्र कैसे बने। गुलामी से भारत को कैसे मुक्ति मिले। भारत परम वैभवशाली कैसे बने और हमें विश्व में गुरु का स्थान कैसे हासिल हो। भारत हजारों वर्षों से एक सांस्कृतिक मूल्यों वाला राष्ट्र है। हम उन्हीं मूल्यों को पुन: स्थापित कर सकें, ऐसी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की परिकल्पना थी।
कैप्टन अभिमन्यु पार्टी के केंद्रीय प्रशिक्षण विभाग की ओर से शुक्रवार को सेक्टर-14 स्थित पार्टी जिला कार्यालय में शुरू हुए दो दिवसीय मंडल अध्यक्षीय प्रशिक्षण शिविर को संबोधित कर रहे थे। प्रशिक्षण में 6 जिलों के मंडल अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष व प्रभारियों ने हिस्सा लिया। शिविर के प्रथम दिवस कुल छह सत्रों का आयोजन किया गया। शिविर के छठे सत्र में हमारा विचार परिवार विषय पर अपना संबोधन देते हुए बतौर मुख्य वक्ता कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि भाजपा उसी महान संगठन का घटक है, जो उस विचारधारा पर चलते हुए निरंतर आगे बढ़ रहा है। हम सभी को उस विचार परिवार के अंग हैं जिसमें हम राजनीतिक पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में काम करते हैं।
विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बराला: पांचवें सत्र में बतौर मुख्य वक्ता पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक भिन्न विचारधारा वाली पार्टी है। समर्पित व ध्येयनिष्ठ कार्यकर्ताओं के कारण ही भाजपा को 19 करोड़ सदस्यों के साथ विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनने का गौरव प्राप्त हुआ है। पार्टी ने पूरे राष्ट्र में विभिन्न क्षेत्र में महत्वपूर्ण आयाम स्थापित किए हैं।
प्रगति के पथ पर राष्ट्र
चौथे सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में पार्टी के वरिष्ठ नेता जगदीश चोपड़ा ने कहा कि हमारे हृदय में केवल एक ही मंत्र गुंजना चाहिए भारत माता की जय। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में एक बड़ा परिवर्तन आया। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ता चला गया। विश्व में आज हमारी एक विशेष पहचान स्थापित हुई है। प्रशिक्षण शिविर के अलग-अलग सत्रों को पार्टी के हिसार जिला प्रभारी डॉ. ओमप्रकाश पहल, विधायक डॉ. कमल गुप्ता, जिलाध्यक्ष कै. भूपेंद्र वीरचक्र, डॉ. ओमप्रकाश अत्रेय, आदित्य चौटाला आदि ने संबोधित किया। कार्यक्रम में मंच संचालन जिला महामंत्री आशा खेदड़ ने किया। इस अवसर पर फतेहाबाद के बलदेव गोहा, भिवानी से शंकर धूपड़, दादरी के सत्येंद्र परमार, मुकेश गौड़, श्रीनिवास गोयल, मुनीष मित्तल, भानीराम मंगला, जिला महामंत्री सुजीत कुमार, जिला मीडिया प्रभारी सुरेश गोयल धूपवाला सति सभी 6 जिलों के मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS