कैप्टन अभिमन्यु बोले, स्वार्थ की राजनीति करके जनता की आंखों में धूल झोंकने का प्लेटफॉर्म है कांग्रेस

हरिभूमि न्यूज. रेवाड़ी
पूर्व वित्त मंत्री व वरिष्ठ भाजपा नेता कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि देश के इतिहास की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस अब कुछ ऐसे परिवारों का गिरोह बन चुकी है, जो सत्ता के आकर्षण में स्वार्थ और स्वहित में आम जनता के हितों की बलि चढ़ाने का काम करते हैं। यह पार्टी जनता की आंखों में धूल झोंकने का सबसे बड़ा प्लेटफॉर्म बन चुकी है। प्रदेश में अब कांग्रेस पतन की ओर अग्रसर है। कैप्टन अभिमन्यु शुक्रवार को भाजपा नेता अमित यादव के शिक्षण संस्थान मधुसुदन पब्लिक स्कूल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
हाल ही में हुए पांच राज्यों के चुनावों को देश के भविष्य की दिशा तय करने वाले चुनाव करार देते हुए कैप्टन ने कहा कि भाजपा के लिए यह चुनाव मील का पत्थर साबित होने वाले हैं। कांग्रेस तमाम प्रयासों के बावजूद इन चुनावों में पूरी तरह फ्लॉप साबित हो चुकी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का लोकप्रिय नेतृत्व, अमित शाह के मजबूत रणनीति और जेपी नड्डा की कुशल संगठनात्मक ताकत ने भाजपा पांच राज्यों के चुनाव में भाजपा को जबरदस्त सफलता दिलाई है। यूपी का चुनाव का जिक्र करते हुए कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि उन्होंने करीब 6 माह तक सहप्रभारी के रूप में यूपी की जनता के मिजाज को भांप लिया। वहां की जनता ने 37 साल के इतिहास में योगी आदित्यनाथ की कुशल नीतियों पर मोह लगाते हुए उन्हें फिर से सत्ता सौंपने का काम किया। यूपी की जनता ने तुष्टिकरण और स्वार्थ की राजनीति को दूर रखते हुए योगी आदित्यनाथ के 5 साल के सुरक्षा और विकास पर मोहर लगाने का काम किया। भाजपा ने मणिपुर, गोवा और उत्तराखंड में भी भाजपा को पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने में कामयाबी हासिल की है। आने वाले लोकसभा चुनावों में देश की जनता एक बार फिर नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व पर सहमति जताते हुए देश में पूर्ण बहुमत से भाजपा को सत्ता सौंपेगी।
पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के सवाल पर कैप्टन ने कहा कि भाजपा ने पंजाब में कुछ भी खोया नहीं है। पार्टी के पास पहले भी दो विधायक थे और इस चुनाव में भी उसके दो विधायक बने हैं। आम आदमी पार्टी का सत्ता में आना लोकलुभावन नारों और प्रदेश में परिवारवाद की राजनीति में बदलाव का परिणाम है। वह पंजाब के लोगों के बीच रहकर उनका राजनीतिक मिजाज जान चुके हैं। अगर आम आदमी पार्टी पंजाब की जनता के साथ किए गए वायदों को पूरा नहीं कर पाएगी, तो पंजाब की जनता आने वाले समय में उसे सबक सिखा देगी। वहां की राजनीति अब वायदा बनाम विश्वासघात पर आधारित रहेगी। उन्होंने कहा कि पूरे देश में पिछड़ा, दलित, युवा और महिला वर्ग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कुशल नीतियों के कारण भाजपा के साथ तेजी से जुड़ रहा है। भाजपा सही मायने में गरीब की पार्टी साबित हुई है। गरीब, दलित और शोषित वर्ग की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी में पूरी आस्था है।
मोदी सबसे ताकतवर प्रधानमंत्री
देश में बढ़ती महंगाई को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कैप्टन ने कहा कि पहले कोरोनाकाल ने देश की अर्थव्यवस्था को प्रभावित किया था। उस समय पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की कुशल नीति ने देश को आर्थिक मंदी के दौर से बाहर निकाला था। अब रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध ने भारत सहित दुनिया के सभी देशों की अर्थव्यवस्था को प्रभावित किया है। पीएम नरेन्द्र मोदी साहसिक फैसले वाले सबसे ताकतवर पीएम हैं। उन्होंने अमेरिकी दबाव को दरकिनार करते हुए रूस से सस्ता कच्चा ते खरीदने की हिम्मत दिखाई हैं। युद्ध के कारण महंगाई बढ़ी है, परंतु पीएम और वित्त मंत्री जल्द ही देश की अर्थव्यवस्था को पटरी पर ले आएंगे। उन्होंने कहा कि पाक पीएम इमरान खान भी भारत की विदेश नीति, कूटनीति और अर्थनीति की सराहना कर चुके हैं। भारत की नीतियां किसी के दबाव में आकर नहीं बनाई जातीं।
हरियाणा में नहीं 'आप' का भविष्य
पंजाब में सरकार बनाने के बाद हरियाणा की राजनीति में आम आदमी पार्टी की बढ़ती सक्रियता के सवाल पर कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि आम आदमी पार्टी की राजनीति हरियाणा के विरोध पर टिकी हुई है। चंडीगढ़ को लेकर पंजाब विस में पास किए प्रस्ताव और एसवाईएल पर पूर्व में दिए गए केजरीवाल के बयान यह साफ कर चुके हैं कि केजरीवाल हरियाणा प्रदेश की जनता का हित नहीं चाहते। उल्टे वह प्रदेश को नुकसान पहुंचाने की मंशा रखते हैं। ऐसी पार्टी को प्रदेश की जनता कभी भी गले नहीं लगाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस को गले नहीं लगाएगी। अगले विधानसभा चुनावों में भाजपा पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। इस मौके पर अमित यादव के पिता मधुसुदन यादव भी मौजूद थे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS