कैप्टन अजय यादव बोले- कुलदीप बिश्नोई के लिए दल-बदल कोई नई बात नहीं

हरिभूमि न्यूज. रेवाड़ी
पूर्व मंत्री व कांग्रेस ओबीसी सेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैप्टन अजय सिंह यादव ने कहा कि कुलदीप बिश्नाई को कोई स्टैंड नहीं है। उन्हें बार-बार दल बदलने की आदत हो गई है, लेकिन भाजपा में जाने के बाद उनके लिए आरएसएस के नेताओं के साथ पीटी करना आसान साबित नहीं होगा।
बुधवार को पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कैप्टन ने कहा कि कुलदीप बिश्नाई अपनी राजनीतिक विश्वसनियता लगातार खोते जा रहे हैं। पहले कांग्रेस छोड़कर हजकां का गठन करना। इसके बाद भाजपा को समर्थन देना और बाद में अपनी पार्टी का कांग्रेस में विलय करना उनकी विश्नीयता को चोट पहुंचा चुका है। कांग्रेस ने पार्टी ने उन्हें सम्मान देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्हें पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल करके पार्टी ने पूरा सम्मान दिया। इसके बावजूद वह पार्टी के भरोसे पर खरा नहीं उतरे। अब उनके भाजपा में जाने की चर्चाएं हैं, परंतु भाजपा में उनकी सीएम बनने की मंशा कभी पूरी नहीं हो सकती। इसके विपरीत उन्हें भाजपा में शामिल होने पर आरएसएस के नेताओं से कदमताल करनी होगी, जो उनके लिए आसान नहीं है।
एक सवाल के जवाब में कैप्टन कहा कि धारूहेड़ा में राजस्थान की ओर से आने वाले दूषित पानी की समस्या विधायक चिरंजीव राव विधानसभा तक में उठा चुके हैं। इसके बावजूद सरकार की ओर से लोगों को इस समस्या से छुटकारा दिलाने की दिशा में कोई प्रयास नहीं किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस समस्या का समाधान कराना केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र सिंह यादव के हाथ में है। उन्हें तत्काल दोनों राज्यों के पर्यावरण मंत्रियों को बुलाकर इस गंभीर समस्या का समाधान कराना चाहिए। एम्स के सवाल पर कैप्टन ने कहा कि वर्ष 2024 के चुनावों तक भाजपा सरकार सिर्फ शिलान्यास तक सीमित रहेगी। इन चुनावों में न तो नरेन्द्र मोदी फिर से प्रधानमंत्री बनेंगे और न ही प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। इन चुनावों में देश और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। कांग्रेस की सरकार बनने के बाद वह एम्स का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराएंगे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS