मातम में बदली खुशियां : दूल्हा-दुल्हन को लेकर आ रही गाड़ी डिवाइडर से टकराई, दाे लोगों की मौत, कई घायल

हरिभूमि न्यूज : कनीना ( महेंद्रगढ )
महेंद्रगढ के कनीना शहर में रहने वाला आशीष अपने पिता व रिश्तेदारों के साथ बारात लेकर यूपी के सुलतानपुर में गया था। शादी की और फिर वापस दुल्हन को लेकर गाड़ी कनीना के लिए चली। शनिवार अल सुबह करीब सवा तीन बजे बोलेरो चालक को नींद की झपकी आ गई और गाड़ी एक्सप्रेस-वे पर डिवाइडर से टकरा गई। इस गाड़ी में सवार चालक सहित एक और अन्य की मौत हो गई। दुल्हा और दुल्हन सहित गाड़ी में सवार लोगों को चोट आई। जिन्हें आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है। पुलिस को इस क्षतिग्रस्त गाड़ी में 51 हजार रुपये व दुल्हे का सेहरा मिला है। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी है। इसके बाद शादी की खुशी मातम में बदल गई।
जानकारी के अनुसार आगरा एक्सप्रेस-वे पर चालक को नींद की झपकी लगी और बोलेरो गाड़ी डिवाडर से टकरा गई। जिसमें चालक जयपाल सिंह पुत्र अमर सिंंह वासी ततारपुर और जयप्रकाश पुत्र रामसिंह निवासी ककराला की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं नव विवाहित दुल्हन जयंती पत्नी आशीष, दुल्हा आशीष पुत्र सत्यवीर, दुल्हे का पिता सत्यवीर पुत्र रंगराव और अन्य रिश्तेदार गोपाल घायल हो गया। सभी घायलों को ऊसराहार इटावा उत्तरप्रदेश थाने की पुलिस व यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी मनोहर सिंह ने उत्तरप्रदेश आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई में इलाज के लिए भेजा। इस दुखद घटना की जानकारी मिलने पर पीडि़त परिजन घटना स्थल के लिए रवाना हो गए। उन्होंने दूरभाष पर बताया कि दुल्हा व दुल्हन सहित अन्य एक को हल्की चोट लगी हैं। वहीं दुल्हे के पिता सत्यवीर सिंह को आईसीयू में भर्ती किया गया है। दोनों मृतकों के शवों को दोपहर पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया। मृतक जयपाल वासी ततारपुर की ककराला निवासी मृतक जयप्रकाश के घरों में ससुराल है। इस दर्दनाक दुर्घटना की सूचना मिलने पर दोनों घरों में दुख का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक जयप्रकाश खेती बाड़ी का कार्य करता था। रविवार तक शवों के पैतृक गांव ततारपुर व ककराला पहुंचने की संभावना है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS