दर्दनाक सड़क हादसा : अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई कार, 3 वर्षीय बच्ची सहित ननद व भाभी की मौत, 6 लोग घायल

हरिभूमि न्यूज : कुरुक्षेत्र
कुरुक्षेत्र में गांव झांसा के समीप एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। कार में एक ही परिवार के 9 लोग सवार थे जोकि अंबाला रस्म क्रिया में शामिल होने जा रहे थे। टक्कर लगने पर कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में एक तीन वर्षीय बच्ची सहित दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अन्य छह लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भिजवाया। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल में भिजवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार गांव झांसा के रहने वाले चंद्रप्रकाश अपने परिवार सहित झांसा से अंबाला रस्म क्रिया में शामिल होने के लिए जा रहे थे।
कार में चंद्रप्रकाश, चंद्रप्रकाश कमलेश रानी, कमलेश देवी, विशांत, पलक, आदर्श, गुनिया, सीमा सवार थे। रास्ते में नहर के पास पीछे से आ रही एक कार ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। गांव झांसा निवासी विशांत ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपने पिता चंद्र प्रकाश, माता चांद्र रानी, बुआ कमलेश रानी, चाची कमलेश देवी, भाभी पलक व तीन वर्षीय भतीजी गुणिका दोपहर करीब 12 बजे अंबाला में अपनी रिश्तेदारी में अंबाला के गुरुद्वारा में शोक सभा में शामिल होने के लिए गए थे।
जब वे झांसा से ठोल की ओर जा रहे थे तो पीछे से बोलेरो गाड़ी आई और उनकी कार को टक्कर मार दी। हादसे में 60 वर्षीय चांद रानी, 58 वर्षीय कमलेश रानी व तीन वर्षीय गुनिया की मौत हो गई। चांद रानी व कमलेश रिश्ते में ननद-भाभी थे। हादसे में चन्द्रप्रकाश, कमलेश, पलक, आदर्श, सीमा व विशांत घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने एंबुुलेंस द्वारा सरकारी अस्पताल भिजवाया लेकिन परिजन उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां सभी घायल उपचाराधीन है। पुलिस ने अज्ञात बोलेरो चालक के खिलाफ मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS