मुरथल के ढाबे पर पराठे खाने आ रहे दोस्तों की कार डिवाइडर से टकराई, दो की मौत, पांच घायल

हरिभूमि न्यूज. सोनीपत
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-44 पर बहालगढ़ फ्लाई ओवर के पास अनियंत्रित कार डिवाइडर में टकरा गई। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि हादसे में पांच अन्य घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में लाया गया। जहां चिकित्सक ने दो की हालत गंभीर होने के चलते रेफर कर दिया। निजी अस्पताल में घायलों को उपचार चल रहा है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं।
रोहिणी के सेक्टर-3 स्थित जेजे कॉलोनी का रहने वाला बबलू कुमार (23) डीजे का काम करता था। वह देर रात किसी कार्यक्रम से लौट रहा था। रास्ते में उसे अपना साथी सेक्टर-3 का रहने वाला नवीन कुमार (24) अपनी अर्टिका कार लिए हुए मिल गया। बबलू के साथ उसके दोस्त अंकित, पीयूष, राहुल, लोकेश व विकास भी थे। जिसके बाद रातभर उन्होंने पार्टी की। देर रात तक साथ रहने के बाद शनिवार तड़के उन्होंने पराठे खाने के लिए मुरथल के सुखदेव ढाबे पर आने का कार्यक्रम बना लिया। जिस पर सातों दोस्त नवीन की अर्टिका कार में सवार होकर मुरथल के लिए चल दिए। कार को नवीन ही चला रहा था। वह सुबह करीब पांच बजे जब बहालगढ़ फ्लाईओवर पर पहुंचे तो कार अचानक अनियंत्रित हो गई।
कार सड़क किनारे डिवाइडर से टकरा गई। डिवाइडर से टकराने के बाद कार सर्विस रोड पर जाकर पलट गई। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में नवीन व बबलू की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने मामले की सूचना बहालगढ़ चौकी पुलिस को दी। जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अंकित, पीयूष, राहुल, लोकेश को निजी अस्पतालों में भर्ती कराया। विकास को कम चोट होने के चलते उसको सामान्य अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिलवाया गया। हादसे में घायल अंकित व पीयूष की हालत गंभीर बनी हुई है।
नवीन चलाता था गाड़ी, बबलू करता था डीजे का काम
सड़क हादसे का शिकार हुआ बबलू डीजे का काम करता था। वह पार्टियों के लिए डीजे की बुकिंग कर परिवार का पालन कर रहा था। वहीं नवीन अपनी अर्टिका कार चलाता था। वह रात को अर्टिका कार लेकर घर जा रहा था कि रास्ते में उसे बबलू व अन्य दोस्त मिल गए थे। उसके बाद ढाबे पर खाना-खाने के लिए आने लगे तो रास्ते में हादसे का शिकार हो गए।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS