नगर निगम के एसडीओ पर महिला इंजीनियर से छेड़छाड़ का मामला दर्ज

फरीदाबाद। नगर निगम के एसडीओ सुमेर सिंह के खिलाफ महिला इंजीनियर से छेड़छाड़ व बदसलूकी की धाराओं के तहत एनआइटी महिला थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है। महिला ने एनआइटी महिला थाने में दी शिकायत में कहा कि वह स्ट्रक्चरल इंजीनियर है। मकानों की कंपलीशन के सिलसिले में वह नगर निगम मुख्यालय में आती-जाती रहती है। 25 नवंबर को वह नगर निगम के सर्वे विभाग में गई। वहां एसडीओ सुमेर सिंह हाजिर मिले। महिला ने एसडीओ से अपनी फाइलों के बारे में पूछा।
आरोप है कि एसडीओ महिला के ऊपर चिल्लाया और बदतमीजी से बोला कि मुझे फाइलों के बारे में नहीं पता, तुझे जो करना है कर ले। महिला रोने लगी और नगर निगम आयुक्त कार्यालय पहुंची। वहां एसडीओ के खिलाफ नगर निगम आयुक्त को शिकायत दी। 26 नवंबर को महिला दोबारा नगर निगम कार्यालय गई। वहां एसडीओ सुमेर सिंह गेट पर ही मिल गया। आरोप है कि उसने महिला को धमकाया और नगर निगम आयुक्त को दी गई शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाया। महिला का आरोप है कि एसडीओ ने उसका हाथ पकडक़र बुरी नीयत से अपनी तरफ खींचा। महिला हाथ छुड़ाकर जाने लगी तो एसडीओ ने उसे उसकी बात मानने के लिए धमकी दी। इसके बाद महिला ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS