कुंडली में बेसहारा मिली दो बहनों से दुष्कर्म, दिल्ली और हरियाणा पुलिस जांच में जुटी

कुंडली में बेसहारा मिली दो बहनों से दुष्कर्म, दिल्ली और हरियाणा पुलिस जांच  में जुटी
X
कुंडली थाना क्षेत्र में दो बच्चियों बेसहारा हालत में घूमती मिली थी। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी, तो दोनों बच्चियां बदहवास हालत में थी। उनकी उम्र करीब सात व नौ साल है। वह अपना नाम तो बता रही थी, लेकिन अपना पता बताने में असमर्थ थी।

सोनीपत। कुंडली क्षेत्र में बेसहारा हालत में मिली दो बच्चियां सगी बहन हैं और दिल्ली के नांगलोई थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं। उनके साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया था। दोनों बहन वीरवार से लापता थीं। उनकी गुमशुदगी का मुकदमा दिल्ली के नांगलोई थाना में दर्ज है। कुंडली थाना पुलिस दोनों बहनों के परिवार तक पहुंच गई है। पुलिस छात्राओं से दुष्कर्म करने और कुंडली में छोड़कर जाने को लेकर कड़ी जोड़ रही है। दिल्ली और कुंडली थाना पुलिस मिलकर इसे लेकर प्रयास कर रही है। फिलहाल बच्चियों को राई क्षेत्र के निराश्रित बच्चों के घर में रखा गया है।

कुंडली थानाक्षेत्र में दो बच्चियों बेसहारा हालत में घूमती मिली थी। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी, तो दोनों बच्चियां बदहवास हालत में थी। उनकी उम्र करीब सात व नौ साल है। वह अपना नाम तो बता रही थी, लेकिन अपना पता बताने में असमर्थ थी। पुलिस ने बच्चियों की काउंसलिंग कराई और उसके बाद निराश्रित बच्चों के घर लेकर पहुंची थी। बाद में मेडिकल कराने पर उनके साथ दुष्कर्म होने की पुष्टि हुई थी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण और पॉक्सो एक्ट का मुकदमा दर्ज कर लिया था।

दोनों बच्ची काले जूते व एक जैसे कपड़े पहने हुए थी, इससे पुलिस ने उनको छात्रा मानकर जांच शुरू की थी। दिल्ली के एक स्कूल की वर्दी से छात्राओं के कपड़े मेल खा गए। उसके बाद पुलिस छात्राओं के फोटो लेकर स्कूल में पहुंची, वहां से उनके परिवार की जानकारी मिल गई। पुलिस ने छात्राओं के परिजनों से बातचीत की। पुलिस की जांच में सामने आया कि दोनों बहनें हैं और उनकी मां उनके घर को छोड़कर जा चुकी है। उसने दूसरी जगह शादी कर ली है। उनका पिता नशे का आदी रहा है। वह लंबे समय से चारपाई पर है। उनकी देखभाल उनकी दादी करती हैं।

बच्चियों की मानसिक स्थिति भी ज्यादा बेहतर नहीं हैं। बच्ची वीरवार से गायब थी। दिल्ली के नांगलोई थाने में उनकी गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज करवाया गया था। अब कुंडली थाना पुलिस और नांगलोई थाने की दिल्ली पुलिस मिलकर जांच कर रही हैं। पुलिस दुष्कर्म करने के आरोपियों के बारे में पता लगा रही है। उसके साथ ही छात्राओं से दुष्कर्म किए जाने के स्थान का पता लगाया जाएगा। उसके आधार पर ही पुलिस की जांच आगे बढ़ेगी।

दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर जांच जारी

बेसहारा हालत में मिली दोनों बच्ची बहनें हैं और दिल्ली की रहने वाली हैं। दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर जांच की जा रही है। पुलिस हर पहलू पर गहनता से जांच कर रही है। वहींं, बच्चियों की काउंसलिंग करवाई जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई का निर्णय लिया जाएगा। दिल्ली पुलिस का पूरा सहयोग किया जा रहा है। -निकिता खट्टर, डीसीपी मुख्यालय

Tags

Next Story