कैच द रैन अभियान : भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल, ओलम्पियन सुरेंद्र कुमार पालड़ सहित 5 खिलाड़ियों को बनाया ब्रांड एम्बेसडर

कुरुक्षेत्र को डार्क जोन की स्थिति से बाहर निकालने में अब अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी लोगों को जागरुक करेंगे। इसके लिए जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग की तरफ से 5 खिलाड़ियों को जागरुकता अभियान के लिए ब्रांड एम्बेसडर बनाने के लिए नाम भेजे है। इन खिलाड़ियों में भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल, भारतीय महिला हॉकी टीम की सदस्य नवजोत व नवनीत कौर, भारतीय पुरुष हॉकी टीम के सदस्य ओलम्पियन सुरेंद्र पालड़ व वॉलीबॉल के खिलाड़ी का नाम शामिल है।
उपायुक्त मुकुल कुमार ने सोमवार लघु सचिवालय के सभागार में जल शक्ति अभियान की एक बैठक के दौरान जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग की तरफ से जल शक्ति अभियान-कैच द रैन अभियान के लिए ब्रांड एम्बेसडर के लिए भेजे गए 5 खिलाड़ियों के नाम केंद्रीय जल शक्ति अभियान के नोडल अधिकारी एवं भारत मंत्रालय पॉवर जीओआई के निदेशक अरुण कुमार गर्ग के समक्ष रखे। उपायुक्त ने कहा कि कुरुक्षेत्र का भूजल स्तर दिन-प्रतिदिन नीचे जा रहा है। यह एक चिंता का विषय है, अगर अब भी पानी बचाने के लिए मंथन नहीं हुआ तो आने वाली पीढ़ियों के लिए पीने का पानी भी नहीं बचेगा। इस गंभीर विषय के बारे में कुरुक्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को पानी बचाने जैसे अभियानों के साथ जुड़ने की निहायत जरूरत है। इस विषय के प्रति लोगों के जहन में तथ्यों सहित आंकड़े और जानकारी होनी बहुत जरुरी है। इस अभियान को जन-जन का अभियान बनाने के लिए ही प्रशासन ने जल शक्ति अभियान मिशन के तहत 5 अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों को ब्रांड एम्बेसडर के रुप में जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उन्होंने कहा कि सभी अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी फिलहाल कैंप में भारतीय हॉकी टीम के लिए लगाए गए कैंपों में गए हुए है। इन सभी खिलाड़ियों का पानी बचाने से संबंधित संदेश रिकॉर्ड किया जाएगा और इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा जैसे ही खिलाड़ी कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे तो इनको बड़े कार्यक्रमों में आमंत्रित भी किया जाएगा। इन खिलाड़ियों के संदेश से युवा पीढ़ी के साथ-साथ आमजन प्रेरित होगा और जल सरंक्षण के लिए प्रशासन का सहयोग देगा। इन खिलाड़ियों के संदेश को डिजिटल प्लेटफार्म पर भी प्रसारित किया जाएगा और आकाशवाणी के माध्यम से भी जल बचाने का संदेश प्रत्येक घर तक पहुंचेगा। जब कुरुक्षेत्र का एक-एक नागरिक को पानी की महता के बारे में जानकारी मिलेगी तो निश्चित ही कुरुक्षेत्र के भूजल स्तर में सुधार आएगा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS