भिवानी के बाजारों में लगाए जाएंगे सीसीटीवी, जानें क्यों

हरिभूमि न्यूज : भिवानी
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला प्रधान भानु प्रकाश शर्मा ने कहा कि शहर में बढ़ रही अपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने के लिए शहर के विभिन्न बाजारों में व्यापार मंडल द्वारा सीसीटीवी लगवाए जाएंगे। इस कार्य में स्थानीय सांसद विधायक व विभिन्न सामाजिक संगठनों का सहयोग लिया जाएगा।
भानु प्रकाश शर्मा रविवार को यहां नगर सुधार मंडल स्थित एक निजी रेस्त्रां में पत्रकारों के साथ बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि कोरोना काल के दौरान जनता की सेवा करने वाले दुकानदार व व्यापारियों को भारतीय उद्योग व्यापार मंडल द्वारा कोरोना योद्धा के सम्मान से सम्मानित किया जाएगा, इस अभियान की शुरुआत 26 जनवरी से की जाएगी।
उन्होंने कहा कि शहर में अपराधिक घटनाएं पिछले कुछ दिनों के दौरान बढ़ी है ऐसे में भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने फैसला लिया है कि शहर के विभिन्न बाजारों में कैमरे लगवाए जाएं । इन कैमरों का कंट्रोल रूम शहर में किसी पुलिस थाने या चौकी में बनाया जाए ताकि कोई अपराधिक वारदात घटती है तो उसको समझने में पुलिस प्रशासन को सफलता मिल सके। उन्होंने कहा कि वे नगर व्यापार मंडल के भी प्रधान है और राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने उन्हें भिवानी जिले के प्रधान की जिम्मेवारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की हर प्रकार की समस्या का समाधान करवाने के लिए भारतीय उद्योग व्यापार मंडल सक्रिय है।
जल्द शुरू होगा सदस्यता अभियान
उन्होंने कहा कि शीघ्र ही भारतीय उद्योग व्यापार मंडल का सदस्यता अभियान चलाया जाएगा जिसमें हर दुकानदार व व्यापारी को भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के साथ जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन का भारतीय उद्योग व्यापार मंडल समर्थन करता है । उन्होंने किसान आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि सरकार जो तीन कानून लेकर आई है वह किसान ही नहीं बल्कि व्यापारियों के भी विरोध में है, क्योंकि अगर व्याप्त बाजार में पैसा ही नहीं आएगा तो व्यापारी कैसे काम कर सकेगा। उन्होंने कहा कि इस कानून से पूंजीपतियों को लाभ होगा किसान व्यापारी व दुकानदार बर्बाद हो जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यापारियों व दुकानदारों की हर समस्या का समाधान करवाने के लिए भी सदैव तत्पर रहे हैं और भविष्य में भी तत्पर रहेंगे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS