हरियाणा महिला कांग्रेस का झंडा बदला, जानें क्या किए बदलाव

चंडीगढ़। हरियाणा महिला कांग्रेस ( Haryana Mahila Congress ) का पुराना झंडा बदल दिया गया है और उसका अब नया झंडा होगा। रविवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में महिला कांग्रेस के नए झंडे का अनावरण किया गया। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्षा कुमारी सैलजा ( Kumari Selja ) की गरिमामयी उपस्थिति में हरियाणा महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्षा सुधा भारद्वाज ने संयुक्त रुप से इस नए झंडे का अनावरण किया। बदले गए झंडे में कांग्रेस के चुनाव चिन्ह "हाथ" में महिला कांग्रेस का "प्रतीक चिन्ह" (लोगो) लगाया गया है, जबकि महिला कांग्रेस के झंडे पर सिर्फ उनका "प्रतीक चिन्ह" ही हुआ करता था।
इस मौके पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से जिला महिला कांग्रेस की पदाधिकारी एवं भारी संख्या में महिला कार्यकर्ताएं उपस्थित थीं। महिला कांग्रेस को उनके नए झंडे की बधाई देते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि यह झंडा कांग्रेस के साथ साथ उससे जुड़ी हर महिला की आन, बान व शान है। अब महिला कांग्रेस की भी यह जिम्मेवारी है कि अब और ज्यादा जोर शोर से पार्टी की नीतियों को आमजन तथा घर-घर तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि आज सबसे ज्यादा परेशान देश व प्रदेश में महिलाएं ही हैं, क्योंकि केंद्र व राज्य की भाजपा सरकारों की जनविरोधी नीतियेां के चलते महंगाई दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है और इसका सबसे ज्यादा असर महिलाओं की रसोई पर ही पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि यह सरकार बेटी पढ़ाओ और बेटी बचाओ का नारा देने के बावजूद बहू बेटियों की सुरक्षा कर पाने में पूर्णतया नाकाम रही है। कांग्रेस खासकर महिला कांग्रेस को राज्य की दुखी बेसहारा महिलाओं की ढाल बनना है और उन्हें यथासंभव मदद देनी है। इस अवसर पर प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुधा भारद्वाज ने कुमारी सैलजा को भरोसा दिलाया कि महिला कांग्रेस उनके कंधे से कंधा मिला कर काम करेगी तथा उनकी योजनाओं को अमली रुप देने का हरसंभव प्रयास करेगी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS