विदेश भेजने के नाम पर ठगी : बेटों के साथ मिलकर आरोपित ने युवती से हड़पे 20 लाख

- इंग्लैंड भेजने के लिए 30 लाख में हुआ था सौदा तय
- 10 लाख रुपये विदेश जाने के बाद आरोपित को थे देने
हरिभूमि न्यूज यमुनानगर । जगाधरी वर्कशॉप निवासी बलबीर सिंह की लड़की को विदेश भेजने के नाम पर एक व्यक्ति व उसके दो बेटों ने मिलकर 20 लाख रुपये हड़प लिए। आरोपित व्यक्ति का एक बेटा अभी इंग्लैंड में है। आरोपितों ने लड़की को इंग्लैंड भेजने के लिए बलबीर से 30 लाख रुपये में सौदा तय किया था। पीड़ित व्यक्ति को 10 लाख रुपये लड़की के इंग्लैंड पहुंचने के बाद आरोपितों को देने थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी।
पीड़ित बलबीर सिंह ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ कुछ साल पहले दिलबाग सिंह के मकान में किराए पर रहता था। जिस कारण उसके दिलबाग सिंह के साथ पारिवारिक संबंध थे। दिलबाग सिंह का एक लड़का हरप्रीत सिंह इंग्लैंड में रहता है तथा दूसरा लड़का गुरप्रीत सिंह उसके पास ही रहता है। एक दिन दिलबाग सिंह व उसके लड़के गुरप्रीत सिंह ने कहा कि उनके पास हरप्रीत का फोन आया था। उसने कहा था कि अगर उनका कोई परिचित इंग्लैंड आना चाहता है तो वह उसका वीजा लगवा देगा तथा उसे इंग्लैंड में काम भी दिलवा देगा।
बलबीर सिंह ने बताया कि उसकी लड़की अन्नू पढ़ी लिखी है और वह उसे विदेश भेजना चाहता है। इस दौरान उसने अपनी लड़की को इंग्लैंड भेजने के लिए मन बना लिया। आरोपितों ने उसे इंग्लैंड भेजने के लिए 30 लाख रुपये मांगे। 20 लाख रुपये पहले तथा 10 लाख रुपये इंग्लैंड जाने के बाद। उसने आरोपितों पर विश्वास करके 20 लाख रुपये दे दिए। मगर इसके बाद आरोपितों ने उसकी लड़की को इंग्लैंड नहीं भेजा। जब उसने आरोपितों से बात की तो उन्होंने कोई संतोष जनक जवाब नहीं दिया। परेशान होकर जब उसने आरोपितों से पैसे वापस मांगे तो उन्होंने पैसे देने से मना कर दिया और दोबारा पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS