पुलिस में भर्ती करवाने का झांसा दे ठगे 20 लाख : सिलेक्शन न होने पर रुपये वापस मांगे तो दी बुरा अंजाम भुगतने की धमकी

हरिभूमि न्यूज. जींद
हरियाणा पुलिस में भर्ती करवाने का झांसा देकर बीस लाख रुपये हडपने का मामला सामने आया है। सिलेक्शन न होने पर जब राशि वापस मांगी तो उसे लौटाने से मना कर दिया और बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। आरोपित ने बाकायदा 20 लाख रुपये लेने की एवज में शपथ पत्र भी पीड़ित को दिया हुआ था। सदर थाना पुलिस ने पीड़ित व्यक्ति की शिकायत पर एक व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में ख्यानत सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
गांव शाहपुर निवासी राजबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी नेहला हिसार निवासी सुनील से वर्ष 2018 से अच्छी जान पहचान रही है और एक दूसरे के घर आना-जाना भी रहा है। वर्ष 2021 में सुनील ने उसे बताया कि उसकी अच्छी जान पहचान है। कोई रिश्तेदार या नजदीकी नौकरी लगना चाहता हो तो बता देना। जिस पर उसने अपने भतीजे नवीन के बारे में बातचीत की। जिसमें पुलिस भर्ती के लिए फार्म अप्लाई किया हुआ था। मार्च 2021 में सुनील गांव शाहपुर आया और नवीन को पुलिस में लगवाने की बात कहते हुए 20 लाख रुपये की डिमांड की। पांच लाख रुपये उसी दिन उपलब्ध करवा दिए गए। सुनील घर से नवीन के फार्म भरने की रिसिप्ट, मार्कशीट, आधार कार्ड व अन्य कागजात अपने साथ ले गया। आठ जून को सुनील ने उसे चंडीगढ़ बुलाया और भर्ती करवाने वाले व्यक्ति से मिलवाने की बात कही। दो-तीन जगह घूमने के बाद सुनील ने बताया कि वह व्यक्ति दिल्ली चला गया। जिसके बाद दस जून 2021 को 15 लाख रुपये लेकर उसे सिरसा बुलाया गया। उस व्यक्ति के वहां न मिलने पर वेे दिल्ली चले गए। बावजूद इसके वह दिल्ली में भी नहीं मिला। जिस पर वह वापस हिसार लौट आए।
सुनील ने नवीन के भर्ती होने का विश्वास दिलाते हुए उस से 15 लाख रुपये की राशि ले ली और शपथ पत्र पर ली गई राशि लिख कर दे दी। लिस्ट आउट होने पर उसके भतीजे नवीन का सिलेक्शन नहीं हुआ। जिस पर उसने सुनील से संपर्क साधा तो वह कुछ दिन इंतजार करने की बात कहता रहा। आखिरकर सुनील ने राशि लौटाने से मना कर दिया और बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। सदर थाना पुलिस ने राजवीर की शिकायत पर सुनील के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में ख्यानत सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि पीड़ित ने आरोप लगाते हुए बीस लाख रुपये हड़पने की शिकायत दी थी। जिसके आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS