पानीपत नगर निगम का मुख्य सफाई निरीक्षक 13.70 लाख की रिश्वत लेता पकड़ा

पानीपत नगर निगम का मुख्य सफाई निरीक्षक 13.70 लाख की रिश्वत लेता पकड़ा
X
आरोपित सुधीर हमेशा सत्तारूढ दल के नेताओं व स्थानीय निकाय विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के करीब रहा और अधिकतर समय पानीपत में ही सफाई निरीक्षक के पद पर काम किया।

पानीपत। हरियाणा विजिलेंस के रोहतक ब्यूरो की टीम ने डीएसपी नर सिंह की अगुवाई में पानीपत नगर निगम के मुख्य सफाई निरीक्षक सुधीर को सोमवार की देर शाम को लाल बत्ती चौक पर पार्वती इंटरप्राजेज के संचालक कृष्ण हुड्डा से 13.70 लाख रूपये की रिश्चत लेते हुए रंगें हाथों गिरफ्तार किया है। वहीं आरोपित सुधीर सेवानिवृत्त हो चुका है, स्थानीय निकाय विभाग ने सुधीर को दो साल का एक्सटेंशन दिया था। सुधीर, हमेशा सत्तारूढ दल के नेताओं व स्थानीय निकाय विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के करीब रहा और अधिकतर समय पानीपत में ही सफाई निरीक्षक के पद पर काम किया।

सुधीर का नाम अनेक बार भ्रष्टाचार के मामलों में खूब उछला। वहीं सत्तारूढ दल व वरिष्ठ अधिकारियों से नजदीके के चलते सुधीर हमेशा बच जाता था। गौरतलब है कि पानीपत में सफाई संबंधी कई कामों के ठेके पार्वती इंटरप्राजेज के पास है और इस कंपनी के 1.37 करोड़ रूपये के बिल नगर निगम, पानीपत पर बकाया थे। बकाया बिलों को पास करने की एवज में नगर निगम के मुख्य सफाई निरीक्षक सुधीर ने कृष्ण हुड्डा से 13.70 लाख रूपये रिश्वत की मांग की थी। सुधीर द्वारा आए दिन रिश्वत मांगे जाने से परेशान कृष्ण ने इसकी शिकायत हरियाणा विजिलेंस से की। वहीं आरोपित को पकडने में कोई समस्या न आए इसके चलते कृष्ण की शिकायत की जांच रोहतक विजिलेंस ब्यूरो को दी गई।

इधर, सोमवार की शाम को तय योजना के तहत कृष्ण ने सुधीर को लाल बत्ती चौक पर बुलाया और यहां पर 13.70 लाख रूपये उसे सौंप दिए। सुधीर ने रूपये लिए और गिनती करने लगा, इस दौरान विजिलेंस ने सुधीर को हिरासत में ले लिया और ड्यूटी मजिस्ट्रेट आदि के सामने रिश्वत के रूप में लिए गए 13.70 लाख रूपये बरामद किए। रोहतक विजिलेंस टीम ने पानीपत नगर निगम के मुख्य सफाई निरीक्षक सुधीर को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया और थाना सिटी ले गई। आरोपित सुधीर रात भर थाना सिटी पुलिस की हिरासत में रहेगा, आरोपित को मंगलवार को विजिलेंस पानीपत की अदालत में पेश करेगी। जबकि आरोपित सुधीर पर विजिलेंस थाने में भ्रष्टाचार आदि आरोपों में केस दर्ज कर लिया गया है।

Tags

Next Story