घरौंडा अनाज मंडी पहुंचे मुख्यमंत्री मनोहर लाल : औचक निरीक्षण कर गेहूं खरीद का लिया जायजा, किसानों से की बातचीत

- गेहूं खरीद प्रबंधों पर संतुष्ट नजर आए मुख्यमंत्री, अधिकारियों को दिए दिशा निर्देश
- निर्धारित अवधि में किसानों के खातों में किया जाएगा भुगतान
करनाल : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने करनाल के घरौंडा में अनाज मंडी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मंडी में गेहूं खरीद प्रबंधों का जायजा लिया और खरीद कार्य पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडी में किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं आनी चाहिए। सरकार द्वारा किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा और निर्धारित समय अवधि में किसानों के बैंक खातों में भुगतान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने मंडी में फसल लेकर पहुंचे किसानों से भी बातचीत की और बारिश व ओलावृष्टि से फसल को हुए नुकसान की जानकारी ली। इस दौरान उनके साथ स्थानीय विधायक हरविंद्र कल्याण भी मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में गेहूं, जौ और चना की खरीद 1 अप्रैल, 2023 से शुरू हो चुकी है। वहीं सरसों की खरीद 20 मार्च से शुरू हो चुकी है। सरकार द्वारा खरीद प्रक्रिया का सुचारू, निर्बाध और परेशानी मुक्त संचालन सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न प्रशासनिक सचिवों को जिलों के इंचार्ज के तौर पर प्रतिनियुक्त किया गया है। विभिन्न मंडियों में खरीद एजेंसियां अर्थात खाद्य आपूर्ति, हैफेड, एचडब्ल्यूसी और एफसीआई द्वारा यह खरीद की जा रही है। राज्य सरकार ने गेहूं के लिए 408 मंडियां/खरीद केंद्र, सरसों के लिए 103 मंडियां/खरीद केंद्र, जौ के लिए 25 मंडियां और चना के लिए 11 मंडियां/खरीद केंद्र खोले हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS