अंबाला नगर निगम में CM फ्लाइंग की रेड : 6 घंटे तक चली जांच के बाद कई फाइलें साथ ले गए अफसर

अंबाला नगर निगम में CM फ्लाइंग की रेड : 6 घंटे तक चली जांच के बाद कई फाइलें साथ ले गए अफसर
X
सीएम फ्लाइंग की टीम 3 गाड़ियों में सवार होकर निगम ऑफिस पहुंची। जांच टीम के आने का पता चलते ही पूरे ऑफिस में हड़कंप मच गया। कई कर्मचारी तो मौके से गायब हो गए।

हरिभूमि न्यूज : अबाला

सीएम फ्लाइंग ने शुक्रवार को नगर निगम में रेड की। करीब छह घंटे तक जांच टीम निगम के रिकॉर्ड को खंगालते रही। रेड के बाद पूरे निगम ऑफिस में हड़कंप मच गया। कई कर्मचारी जांच से बचने के लिए चुपचान गायब हो गए। जांच टीम ने सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक निगम की टैक्स, एनडीसी, इंजीनियरिंग , सेनिटेशन , बर्थ एंड डेथ व स्ट्रीट लाइट शाखा के रिकॉर्ड की गहनता से जांच की। इसके बाद जांच टीम जांच के लिए कई फाइलों को भी अपने साथ ले गई है। पिछले कुछ महीनों से निगम के अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के मामलों में संलप्ति होने के आरोप लग रहे थे। इसी वजह से सीएम फ्लाइंग अचानक निगम ऑफिस में रेड कर मामले की सच्चाई जानने पहुंची थी।

कई अधिकारी व कर्मचारी मिले गैर हाजिर

सीएम फ्लाइंग की टीम शुक्रवार सुबह नौ बजे अचानक तीन गाड़ियों में सवार होकर निगम ऑफिस पहुंची थी। जांच टीम को देखते ही कई कर्मचारी व अधिकारी चुपचाप गायब हो गए। इसके बाद जांच टीम ने हाजिरी रजिस्टर को अपने कब्जे में लेकर जांच की तो कई कर्मचारी व अधिकारी गैरहाजिर पाए गए। इन सभी कर्मचारी व अधिकारियों को उनके ऑफिस में गैरहाजिर होने की वजह पूछी गई। अब पूरे रिकॉर्ड की भी गहनता से जांच की जा रही है। दरअसल सीएम फ्लाइंग की टीम इंस्पेक्टर सतपाल की अगुवाई में नगर निगम ऑफिस में जांच के लिए पहुंची थी। रेड के दौरान जांच टीम को काफी फाइलें बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार होने की भनक लगी है। इसी वजह से जांच के लिए अधिकारी उन फाइलों को अपने साथ ले गए हैं। जांच टीम ने बताया कि फाइलों की जांच के बाद एक रिपोर्ट तैयार कर उसे राज्य सरकार के पास भेजा जाएगा। इसके बाद ही दोषी कर्मचारी व अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तय होगी।

एनडीसी को लेकर बड़ा भ्रष्टाचार

नगर निगम में पिछले करीब डेढ़ साल से एनडीसी को लेकर बड़े स्तर पर अधिकारियों पर भ्रष्टाचार में संलप्ति होने के आरोप लग रहे हैं। खुद निगम सदस्य अधिकारियों पर ये आरोप लगा रहे हैं। आरोप यह है कि अधिकारी मोटी रिश्वत लेकर एनओसी व एनडीसी जारी करते हैं। म्यूटेशन को लेकर भी लोग चक्कर काट रहे हैं। पता चला है कि पैसे लेकर भी म्यूटेशन की जा रही है। गांव मानकपुर के ओंकार सिंह ने जांच टीम ने सामने यह बात कही है। उसने कहा कि घास मंडी में उसने दुकान खरीदी है, लेकिन नगर निगम के अधिकारी म्यूटेशन के बार बार चक्कर कटवा रहे हैं। जांच टीम ने मौके पर ही एक्सईएन संजीव गुप्ता को समाधान करने के आदेश दिए।

भ्रष्टाचार में फंस सकती है कई अफसरों की गर्दन

सीएम फ्लाइंग की रेड के बाद अब निगम के कई अफसरों की गर्दन भ्रष्टाचार में फंसने की बात कही जा रही है। पिछले काफी समय से बेपरवाह होकर ये अफसर नियमों को ताक पर रखकर लोगों को लूट रहे हैं। मनोनीत निगम सदस्य पूजा चौधरी के पति विवेक चौधरी ने कहा कि कई अफसर बड़े घोटाले में संलप्ति हैं। वे खुद इन अफसरों के खिलाफ राज्य सरकार व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला को शिकायत भेज चुके हैं। चौधरी ने कहा कि बिना नक्शा पास किए निगम अधिकारियों में बहुमंजिला भवन तैयार किए जा रहे हैं। एनडीसी के नाम पर बड़े स्तर पर गोलमाल हो रहा है। एक निजी पैलेस की जमीन पर रातोंरात व्यवसायिक कॉलोनी काटकर उसे बेच दिया गया है। इन सभी मामलों में शिकायत सरकार को भेजी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि अगर जांच टीम सही ढंग से मामले की जांच करती है तो निसंदेह भ्रष्टाचार के कई मामले उजागर हो सकते हैं।

Tags

Next Story