CM फ्लाइंग का खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के गोदामों पर छापा, गेहूं के 11118 बैग मिले गायब, 1836 में खाने लायक नहीं अनाज

हरिभूमि न्यूज : भूना ( फतेहाबाद )
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने शुक्रवार को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के गेहूं भंडारण गोदामों पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वर्ष 2019-20 व 2020-2021 में गेहूं के 11118 बैग गायब मिले हैं, जबकि 1836 बैग में गेहूं खाने योग्य ही नही है। पुलिस ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के सहायक निरीक्षक लेखराज की शिकायत पर उप निरीक्षक राजेंद्र शर्मा के खिलाफ गबन का मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि वर्ष 2019-20 में विभाग ने निरीक्षक राजेंद्र शर्मा को जबरन सेवा मुक्त कर दिया था और 15 महीनों तक वह घर पर रहे।
इस दौरान बंसल ओपन प्लिंथ में रखा गेहूं बारिश में बुरी तरह से भीग गया था। उस दौरान कमेटी में शामिल अधिकारियों को बचाने के लिए राजेंद्र शर्मा को बलि का बकरा बना दिया गया है। हाई कोर्ट में याचिका दायर करने के बाद विभाग ने 15 महीनों के बाद 1 जनवरी 2021 को निरीक्षक से उप निरीक्षक डिमोट करके जॉइनिंग दे दी थी। इन 15 महीनों के बीच हुई गड़बड़ी का पूरा ठीकरा राजेंद्र शर्मा पर फोड़ दिया गया है। पुलिस ने फिलहाल मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीएम फ्लाइंग ने दो गोदामों का किया औचक निरीक्षण
मुख्यमंत्री उड़न दस्ते की टीम के निरीक्षक इंद्र सिंह व उप निरीक्षक चंद्रभान के नेतृत्व में हिसार रोड पर बंसल ओपन प्लिंथ व उकलाना रोड पर नीरूबाला ओपन प्लिंथ पर कई घंटों तक सर्कल जिला खाद्य आपूर्ति विभाग व उप निरीक्षक राजेंद्र शर्मा के गेहूं बैग व रिकॉर्ड की जांच की गई। रिकॉर्ड के अनुसार भारतीय खाद्य निगम को प्रेषित किए गए गेहूं के बाद 11118 बैग का गबन होना पाया गया। इनमें वर्ष 2019-20 में 9438 बैग तथा वर्ष 2020-21 में 1680 गेहूं के बैग मौके पर गायब मिले हैं। उप निरीक्षक राजेंद्र शर्मा ने गबन मामले को लेकर अपने आप को पाक साफ बताया है।
विभाग में नियम के अनुसार उप निरीक्षक रेसों में अकेले नहीं होते जिम्मेदार
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग में गेहूं भंडारण के गोदाम के जवाबदेह जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक से लेकर उप निरीक्षक तक जिम्मेदार होते हैं। अगर किसी गोदाम में गेहूं के बैग कम होते हैं तो संबंधित अधिकारियों पर रेशों प्रतिशत के हिसाब से जवाबदेही बनती है। इस संबंध में डीएफएससी विनीत जैन से बातचीत की तो उन्होंने बीमारी का हवाला देकर संतोषजनक जवाब नहीं दिया। उन्होंने लगातार 15 महीनों के बीच गोदाम भंडारण की जिम्मेवारी किसे दी गई थी उसको लेकर टालमटोल करके जवाब देने से बचते रहे।
क्या कहते हैं सीएम फ्लाइंग टीम के निरीक्षक
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता टीम के इंचार्ज इंस्पेक्टर इंद्र सिंह ने बताया कि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के हिसार रोड व उकलाना रोड पर दो गोदामों में औचक निरीक्षण किया था। जहां से गेहूं के बैग मौके से गायब मिले हैं। इसको लेकर खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षक लेखराज की शिकायत पर उप निरीक्षक राजेंद्र शर्मा के खिलाफ गबन का मामला दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS