CM Khattar बोले : पीड़ित व वंचितों को न्याय दिलवाने के लिए आगे आएं अधिवक्ता

- बार एसोसिएशन सिरसा में क्रैच बनवाने व 31 लाख रुपए वित्तीय सहायता देने की घोषणा
- अंत्योदय की भावना के साथ काम कर रही प्रदेश सरकार
Haryana : मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने वकीलों से आह्वान किया कि वे पीड़ितों और वंचितों को न्याय दिलवाने के लिए आगे आएं। किसी व्यक्ति के साथ अन्याय न हो, इसका दायित्व निभाते हुए अधिवक्ता निष्ठा भाव से कार्य करें। उन्होंने बार एसोसिएशन की मांग पर बार एसोसिएशन में क्रेच की व्यवस्था करने सहित दूसरे प्रकार के कार्यों के लिए 31 लाख रुपए देने की घोषणा की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जिला में दूसरी अन्य बार एसोसिएशन को भी वित्तीय सहायता देने की घोषणा की।
उन्होंने बार एसोसिएशन सिरसा के 50 वर्ष से भी अधिक समय से प्रैक्टिस कर रहे अधिवक्ताओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि विधानपालिका, कार्यपालिका, न्यायपालिका और मीडिया की अपनी एक भूमिका है, ये सभी स्तंभ एक दूसरे के पूरक हैं। विधानपालिका लोगों के हित में कानून का निर्माण करती है और न्यायपालिका उस कानून का विश्लेषण करती है। कानून की पालना संविधान के अनुरूप करवाना भी न्यायपालिका का काम है। विधानपालिका, कार्यपालिका में एक सामंजस्य का काम न्यायपालिका द्वारा किया जा रहा है, उसमें वकीलों की अपनी एक महत्वपूर्ण भूमिका है।
वे स्वयं भी एक वकील के रूप में कर रहे जनता की सेवा
उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी एक वकील के रूप में जनता की सेवा कर रहे हैं। वे समाज के गरीब और पीड़ित व्यक्ति के वकील के रूप में पैरवी करके उन्हें न्याय दिलवाने के लिए सेवा कर रहे हैं। गरीब का अधिकार कोई न छीने और उसे न्याय के लिए न भटकना पड़े, उसके लिए सरकार अंत्योदय की भावना के आधार पर काम कर रही है। सरकार अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को न्याय और हक देने का काम कर रही है।
गरीब को न्याय दिलवाने की चिंता करें अधिवक्ता
उन्होंने कहा कि वकालत करने के नाते अधिवक्ता एक समाजसेवा का भी काम कर रहे हैं। अधिवक्ताओं को चाहिए कि जिनके पास न्याय प्राप्त करने के साधन नहीं है और वे न्याय से वंचित हो रहे हैं तो ऐसे पीड़ितों की अधिवक्ताओं को चिंता करनी चाहिए और उन्हें न्याय दिलवाने के लिए आगे आना चाहिए। अधिवक्ताओं को फीस के बिना भी गरीबों के लिए भी केस लड़ना चाहिए। सरकार भी लीगल एड के माध्यम से वंचितों और जरूरतमंदों को कानूनी सहायता दे रही है। अधिवक्ताओं को भी चाहिए कि वे इस कार्य में अपना अपेक्षित सहयोग जरूर दें।
स्वस्थ समाज के निर्माण में अधिवक्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण
उन्हा कहा कि एक स्वस्थ समाज के निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण यह है कि वंचितों और पीड़ितों के साथ न्याय हो। कानून का राज और न्याय दिलवाने में अधिवक्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। विधानपालिका द्वारा बनाए गए कानूनों की समीक्षा के साथ-साथ लोगों के न्याय के अनुरूप उनका हक दिलवाना अधिवक्ता का पहला परम कर्तव्य है। उन्होंने अधिवक्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने इस दायित्व को ईमानदारी के साथ निभाते हुए स्वस्थ समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS