खेलो इंडिया यूथ गेम्स की तैयारियों का Cm Manohar Lal Khattar ने लिया जायजा, देशभर से दस हजार खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल (Cm Manohar Lal) ने कहा कि पंचकूला में खेलो इंडिया यूथ गेम्स (Khelo India Youth Games) के चौथे संस्करण के सफल आयोजन के लिए 31 दिसंबर तक सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएंगी। 5 फरवरी से 14 फरवरी 2022 तक होने वाले इन खेलों में 25 प्रकार के विभिन्न खेलों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें देश भर से लगभग 10 हजार खिलाड़ी भाग लेंगे। इन खेलों का शुभारंभ 5 फरवरी को पंचकूला के सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में होगा।
मुख्यमंत्री पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में खेलो इंडिया यूथ गेम्स के लिए की जा रही तैयारियों का निरीक्षण करने उपरांत पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर प्रदेश के खेल एवं युवा मामले राज्य मंत्री सरदार संदीप सिंह भी मौजूद रहे।मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और खेल एवं युवा मामले मंत्रालय का खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मेजबानी करने का अवसर हरियाणा को देने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि खेलो इंडिया गेम्स के तहत 25 प्रकार के विभिन्न खेल आयोजित किए जाएंगे। इसमें 20 खेल ऐसे हैं जो पहले से आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अलावा इस बार पांच प्रादेशिक खेल भी जोड़े गए हैं, जिनमें पंजाब का गतका, मणिपुर का थांग-ता, केरल का कलारीपयट्टू, महाराष्ट्र का मलखंभ और योगासन शामिल हैं । इन खेलों के लिए आवश्यक आधारभूत संरचना के विकास के लिए 250 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिसमें 150 करोड़ रुपये बुनियादी ढांचे के विकास के लिए और 100 करोड़ रुपये अन्य उपकरणों व सुविधाओं के लिए खर्च होंगे।
खेलों के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि पंचकूला के साथ- साथ अंबाला, शाहबाद, चंडीगढ़ और दिल्ली में इन खेलों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अधिकतर खेलों के फाइनल मुकाबले 8 फरवरी से शुरू हो जाएंगे जिनका सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स चैनल के माध्यम से होगा।
खेलों के दौरान कोविड-19 के दिशा निर्देशों के अनुपालन के संबंध में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 के दिशा निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि अभी जो कोरोना के नए वेरिऐंट का पता चला है, उसके दो मामले देश में मिले हैं, उसको लेकर भी स्वास्थ्य विभाग व अन्य सभी विभाग सतर्क हैं और किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS