हरियाणा का यह पार्क बनेगा दर्शनीय स्थल, झील को खूबसूरत बनाएंगी रंगीन मछलियां, शुरू होगी बोटिंग, मिनी जू भी बनेगा

हरिभूमि न्यूज . अंबाला
अंबाला छावनी में स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क उत्तर भारत में आकर्षण का केंद्र बन रहा है। पार्क की 4 एकड़ झील में अब विभिन्न किस्म की सुंदर एवं रंग-बिरंगी मछलियां यहां सैर-सपाटा करने के लिए आने वाले लोगों व बच्चों के लिए आकर्षण का केंद्र होगी। बुधवार सुबह गृह एवं शहरी, स्थानीय निकाय मंत्री अनिल विज ने झील में विभिन्न प्रकार की 200 से ज्यादा मछलियों को छोड़ा। यह मछलियां मत्स्य विभाग की ओर से उपलब्ध करवाई गई थी। इस अवसर पर विज ने कहा कि बहुत जल्द सुभाष पार्क में मिनी चीड़ियाघर भी बनाया जाएगा जिसमें विभिन्न प्रकार के रंग-बिरंगे पक्षियों को रखा जाएगा।
विज ने कहा कि सुभाष पार्क इस समय उत्तर भारत में आकर्षण का केंद्र बन चुका है और दूसरे शहरों के लोग यहां सैर-सपाटा व इसकी खूबसूरती देखने के लिए आ रहे हैं। उन्होंने बताया झील में अलग-अलग किस्म व रंगों की मछलियां यहां आने वाले लोगों का ध्यान आकर्षित करेंगी। मछलियों की संख्या भविष्य में और बढ़ाई जाएगी। उन्होंने बताया पार्क की झील में फ्रेश पानी है, झील में लगे फाउंटेन की वजह से पानी निरंतर चलता रहता है और ऐसा माहौल मछली पालन के लिए काफी उपयुक्त है। बहुत जल्द झील में बोटिंग का भी प्रावधान किया जाएगा और नगर परिषद की ओर से इसके लिए टेंडर भी कॉल किए गए हैं।
बोटिंग सुविधा होगी, चीड़ियाघर भी बनेगा पार्क में
विज ने कहा कि सुभाष पार्क में बहुत सुंदर फ्रेश वॉटर की झील बनाई गई है, इसमें थोड़े दिनों के बाद बोटिंग भी शुरु होगी। मत्स्य विभाग की देखरेख में झील में तरह-तरह की मछलियां डाली गई है जोकि लोगों को आकर्षित करेंगी। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द हम पार्क में एक चीड़ियाघर भी बनाने जा रहे हैं जिसमें तरह-तरह की चीड़ियों व पक्षियों को रखा जाएगा। इनकी प्रजातियों के बारे में लोगों व बच्चों को जानकारियां भी दी जाएंगी।
झील में मछलियों को पौधों से फीड मिलेगी
जिला मत्स्य विभाग की देखरेख में झील में 200 से ज्यादा संतरी, सफेद व गोल्डन रंगों की मछलियों को छोड़ा गया। जिला मत्स्य अधिकारी रवि बाठला ने बताया कि राउ एवं कॉमन कॉर्प किस्म की मछलियां अभी छील में छोड़ी गई हैं जिसके बाद अन्य किस्मों की मछलियां भी छोड़ी जाएंगी। उन्होंने बताया झील में नेचुरल फीड मछलियों के लिए उपलब्ध है और भविष्य में ऐसे पौधे झील में लगाए जाएंगे जिससे मछलियों को फीड मिलेगी। उन्होंने बताया झील का माहौल मछलियों के अनुकूल है क्योंकि इसमें फाउंटेन लगे हैं साथ ही बोटिंग का प्रावधान होने से पानी ठहरेगा नहीं। 4 एकड़ स्थित झील में अधिकतम 20 हजार छोटी मछलियों को छोड़ा जा सकता है। खूबसूरती के लिए पार्क के चारों तरफ आकर्षक लाइट्स भी लगाई गई है जिससे पार्क और झील का रात्रि का नजारा अद्भुत होता है। पार्क में सैकड़ों हेरिटेज लाइट्स, साउंड सिस्टम, गजीबो, म्यूजिकल डांसिंग फाउंटेन, बैठने के लिए बैंच, सीसीटीवी कैमरे, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सस्टिम के साथ-साथ अन्य सुविधाओं का प्रावधान किया गया है। इसी वजह से यहां रोज सैर व पार्क की खूबसूरती का लुत्फ उठाने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS