राष्ट्रमंडल खेलों का आगाज आज : अब बर्मिंघम में दम दिखाएंगे हरियाणवी खिलाड़ी

ओ.पी. पाल : रोहतक
ओलंपिक, एशियाई खेल और विश्व चैंपियनशिप के बाद अब प्रदेश के खिलाड़ी कॉमनवेल्थ गेम्स में दम दिखाने को तैयार हैं। ये खेल इंग्लैंड के बर्मिंघम में 28 जुलाई से शुरू होकर 8 अगस्त तक चलेंगे। कॉमनवेल्थ गेम्स में भी भारतीय दल में सबसे ज्यादा खिलाड़ी हरियाणा के ही हैं। इसलिए देश को हरियाणा से पदकों की उम्मीद भी ज्यादा है। प्रदेश के 43 'महारथी' 22वेंराष्ट्रमंडल खेलों में अपना दमखम दिखाएंगे। भारत से 215 खिलाड़ी इस महासमर में भाग ले रहे हैं। इसमें हरियाणा की भागेदारी 20 फीसदी है। पिछले साल टोक्यो ओलंपिक में भी प्रदेश के खिलाड़ियों की भागीदारी 24 फीसदी से ज्यादा थी, जिसमें भारत को मिले पदकों में एक मात्र स्वर्ण समेत 41 फीसदी से ज्यादा हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते। दुर्भाग्यवश टोक्यो में भारत को स्वर्ण दिलाने वाले नीरज चोपड़ा ने चोटिल होने के कारण राष्ट्रमंडल खेलों से अपना नाम वापस ले लिया है।
ऐसा है म्हारा दल
राष्ट्रमंडल खेलों में पांच महिलाओं समेत 11 पहलवान भाग ले रहे हैं। सिर्फ एक 12वीं महिला पहलवान यूपी की दिव्या काकरान भारतीय दल में हैं। 12 मुक्केबाजों में दो महिला समेत छह, महिला हॉकी में कप्तान समेत 18 में से 9 खिलाड़ी, 18 सदस्यीय पुरुष हॉकी टीम में दो, महिला क्रिकेट में एक खिलाड़ी ने जगह बनाई है। हरियाणा की चार महिला समेत छह पैरा खिलाड़ी भी राष्ट्रमंडल खेलों में बर्मिंघम का टिकट ले चुके हैं। 18 महिलाओं समेत 35 भारतीय एथलीटों में हरियाणा के छह एथलीट हैं, जिनमें भाला फेंक में एक महिला, दो धावक और एक-एक महिला डिस्कस थ्रो, जिम्मनास्टिक व शॉटपुट स्पर्धा में दम दिखाएंगे। रोहतक की सुचिका जूडो में चुनौती देंगी। वहीं, महाराष्ट्र की मयूरी धनराज साइकिलिंग में हरियाणा से खेलेंगी।
सात पैरा खिलाड़ी
शर्मिला (शॉटपुट-रेवाड़ी), पूनम (शॉटपुट-हिसार), संतोष (शॉटपुट-भिवानी), देवेंद्र, सुधीर लाठ (पावर लिफ्टिंग-सोनीपत) और गीता (पावर लिफ्टिंग-सोनीपत), देवेंद्र (डिस्कस थ्रो-भिवानी) भी कॉमनवेल्थ में दम दिखाने के लिए तैयार हैं।
टोक्यो ओलंपिक में भारतीय दल में 31 यानी 24% खिलाड़ी हरियाणा के थे, जिसमें भारत के हिस्से में आए सात पदकों में तीन हरियाणा ने दिलाए, जिसमें एकमात्र स्वर्ण पदक पानीपत के नीरज चोपड़ा ने जीता था।
गोल्ड कोस्ट में एक तिहाई पदक जीते
ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में 2018 में हुए 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में भी भारत को मिले कुछ 66 पदकों में 22 हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते थे। जिनमें नौ स्वर्ण, सात रजत और छह कांस्य पदक शामिल थे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS