चौकी में पुलिस के सामने ही शिकायतकर्ता पर चाकू से हमला, हालत गंभीर

हरिभूमि न्यूज : कुरुक्षेत्र
सुभाष मंडी चौकी में एक शिकायतकर्ता पर युवकों ने चाकू से वार कर घायल कर दिया। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां से चिकित्सकों ने घायल को कल्पना चावला मेडिकल अस्पताल करनाल रेफर कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में शोरगिर बस्ती निवासी बिमला देवी ने बताया कि उसके लड़के प्रदीप ने उसे बताया कि उसकी बस्ती के रहने वाले विकास के साथ किसी बात को लेकर बहस हो गई थी।
बहस के दौरान शशी भी वहां पर आ गया और प्रदीप को धमकी देने लगा। इसके बाद वह व उसका लड़का प्रदीप पुलिस चौकी में गए। जहां पर उन्होंने शशी व विकास के खिलाफ एक दरखास्त दी थी। दरखास्त देकर वे वापस अपने घर चले गए। शुक्रवार रात्रि चौकी के मुलाजिम ने उन्हें दरखास्त के संबंध में पुलिस चौकी में बुलाया। जिस पर वह और उसका लड़का प्रदीप व दूसरा लड़का शुभम पुलिस चौकी में आ गए। वे तीनों पुलिस चौकी के अंदर पीपल के नीचे थड़े पर बैठे थे।
उसी समय शशी व विकास दोनों एक मोटरसाइिकल पर वहां पर आ गए। उन्होंने आते ही प्रदीप को जान से मारने की नियत से चाकू से हमला कर दिया। पुलिस चौकी के अंदर मौजूद पुलिस कर्मियों ने प्रदीप को शशी व विकास से छुड़वाया। चोटें लगने के कारण उसका काफी खून बह गया। प्रदीप को इलाज के लिए सरकारी हस्पताल में दाखिल करवा दिया जहां पर डाक्टर ने उसको इलाज के लिए करनाल रेफर कर दिया। जांच अधिकारी एसआई बीर सिंह ने बताया कि हमला करने वाले दोनों आरोपियों को काबू कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS