महेंद्रगढ़ में अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा व कपिल शर्मा के खिलाफ शिकायत

हरिभूमि न्यूज : महेंद्रगढ़
क्षेत्र के प्रमुख समाजसेवी अनिल भगडाना ने द कपिल शर्मा शो के एपिसोड 80 की ऑनलाइन शिकायत (Online complaint) पुलिस से की है। इस बारे में उन्होंने एसपी को एक मेल भी भेजी है। शिकायत में उन्होंने शो में इस एपिसोड में आई बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा, (Actress Priyanka Chopra) शो के होस्ट कॉमेडियन कपिल शर्मा और सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के खिलाफ मामला दर्ज करने की गुहार लगाई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उक्त सभी ने देश के लोगों की भावनाओं को आहत किया है। वहीं उन्होंने सभी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने व उक्त एपिसोड से विवादित बात को हटाने की मांग भी की है।
अनिल भगडाना ने बताया कि फेसबुक वीडियो में द कपिल शर्मा शो की एक वीडियो क्लिप देख रहे थे। जिसमें बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा और अभिनेता फरहान अख्तर मेहमान बनकर आए हुए थे। शिकायतकर्ता ने उस वीडियो का लिंक शेयर करते हुए बताया कि इस वीडियो के 4:50 मिनट से 4:55 मिनट के बीच में अभिनेत्री ने अपने पति निक जोनस को नेशनल जीजू यानी राष्ट्रीय जीजा कहा। भावनाओं के साथ खिलवाड़ का यह सिलसिला यहीं नहीं रुका और उक्त वीडियो में 8 मिनट से 8:10 मिनट के बीच में शो के होस्ट कपिल शर्मा ने भी अभिनेत्री के पति को भारतीय दामाद करार दिया, जिसका अभिनेत्री ने भी पुन: दो बार समर्थन किया। अनिल भगडाना ने आगे बताया कि परोक्ष रूप से तो इसका अर्थ यह भी हो गया कि अभिनेत्री के पिता राष्ट्रपिता और उनकी माता भारत मां हो गई जो ना केवल महात्मा गांधी और भारत माता का अपमान है, बल्कि देश की रक्षा के लिए शहीद हुए लाखों-लाख महापुरुषों का भी अपमान है। हालांकि भारतीय संस्कृति में दूसरी औरत को मां या बहन के रूप में देखा जाता है, लेकिन इसका अर्थ यह बिल्कुल भी नहीं है कि उनके पतियों को अपना पिता या जीजा के रूप में स्वीकार किया जाए। क्योंकि यह दोनों ही रिश्ते सामाजिक दृष्टि से बहुत ही अनोखे और जिम्मेदारी भरे होते हैं। इसलिए किसी भी राह चलते व्यक्ति को इन रिश्तो से संबोधित नहीं किया जा सकता।
शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि जब वे इसकी गहराई में गए और पूरे मामले को जांचा-परखा तब पता चला कि यह वीडियो द कपिल शर्मा शो के दूसरे सीजन के 80वें एपिसोड के रूप में पांच अक्टूबर 2019 (शनिवार) को प्रसारित किया गया था। हालांकि किसी भी लाइव प्रोग्राम में इस तरह की गलती होना लाजमी है, लेकिन चूंकि यह एपिसोड लाइव ना होकर रिकॉर्डेड था। जिसमें से इस विवादित लाइन को हटाया भी जा सकता था, लेकिन इन सबके बावजूद इसको ज्यों का त्यों प्रसारित किया गया। जिससे प्रतीत होता है कि यह पूरा वाकया प्रायोजित था और अभिनेत्री सहित शो के होस्ट और टीवी चैनल की मंशा भारतीय जनमानस की भावनाओं को ठेस पहुंचाने की ही थी। समाजसेवी अनिल भगड़ाना ने बताया कि इतने प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा करोड़ों लोगों द्वारा देखे जाने वाले चैनल पर इतनी घटिया और स्तर हीन बात सुनकर उनकी भावनाएं आहत हुई हैं। जिसके उपरांत उन्होंने पुलिस में ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाते हुए जिले की एसपी को मेल द्वारा कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांगा
उन्होंने पुलिस प्रशासन से यह मांग कि है कि यदि उक्त बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा, शो के होस्ट कॉमेडियन कपिल शर्मा और सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन अपने इस कथन पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए उक्त एपिसोड से इस विवादित बात को नहीं हटाते हैं तो उन पर उचित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए, ताकि भविष्य में भारतीय संस्कृति में रिश्तों के महत्व को इस प्रकार से किसी अन्य द्वारा नजरअंदाज ना किया जाए।
उनके पास शिकायत नहीं आई है
इस बारे में थाना प्रभारी नवल किशोर ने बताया कि अभी उनके पास शिकायत नहीं आयी है। शिकायत आएगी तब उसको पढ़कर, जो भी उचित होगा वह किया जाएगा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS