बिहार के शिक्षा मंत्री व यूपी के सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ यमुनानगर थाने में शिकायत दर्ज

बिहार के शिक्षा मंत्री व यूपी के सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ यमुनानगर थाने में शिकायत दर्ज
X
शनिवार को उद्योग व्यापार मंडल हरियाणा के सदस्य प्रांतीय प्रधान महेंद्र सिंह मित्तल के नेतृत्व में शहर के पुलिस स्टेशन में पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कमलदीप सिंह को बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर व सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ शिकायत सौंपी।

हरिभूमि न्यूज. यमुनानगर : उद्योग व्यापार मंडल हरियाणा के सदस्यों ने शनिवार को शहर के पुलिस स्टेशन में पहुंचकर बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर व यूपी के सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्यके खिलाफ शिकायत देकर उन पर हिन्दुओं के पवित्र धार्मिक ग्रन्थ श्रीरामचरित मानस पर आपत्तिजनक टिप्पणी करके उनकी धार्मिक भावनाओं को भड़काने और समाज में द्वेष फैलाकर माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मंडल सदस्यों की शिकायत पर कार्रवाई शुरू कर दी है।

शनिवार को उद्योग व्यापार मंडल हरियाणा के सदस्य प्रांतीय प्रधान महेंद्र सिंह मित्तल के नेतृत्व में शहर के पुलिस स्टेशन में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कमलदीप सिंह को बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर व सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ शिकायत सौंपी। मौके पर मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष महेंद्र सिंह मित्तल ने कहा कि आज सनातन धर्म को ठेस पहुंचाने का षडयंत्र रचा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर यादव व उत्तर प्रदेश के समाजवादी पार्टी के नेता एवं पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य द्वारा हिन्दुओं को अपमानित करने के लिए सनातन धर्म के पवित्र ग्रन्थ श्रीरामचरित मानस पर आपत्तिजनक ब्यान देकर हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने श्रीरामचरित मानस की चौपाईयों की गलत व्याख्या कर समाज को भ्रमित करके समाज में माहौल बिगाड़ने का काम किया है।

महेन्द्र मित्तल ने कहा की वाल्मिकी रामायण व तुलसीदास रामायण हमारे पूजनीय ग्रन्थ हैं। अगर किसी के मन मे कोई विषय है, तो हमारे सन्त समाज का मार्गदर्शन लेकर अपनी विषयों का निवारण कर सकता है। उन्हाेंने कहा किबिहार के शिक्षा मंत्री चन्द्रशेखर ने श्रीरामचरित्र मानस को समाज में नफरत फैलाने वाला ग्रन्थ बताया। ऐसा जानबूझ कर किया गया। सनातन धर्म के धार्मिक भावनाओं को जान-बूझकर ठेस पहुंचाया जा रहा है। इससे समाज में साम्प्रदायिक सदभाव बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की। मौके पर गगन प्रकाश, संजीव गुप्ता, दीपक कपूर, विपिन गुप्ता व संदीप गांधी ने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरु कर दी है।

Tags

Next Story