Australia में अब अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में नजर आएगा कला, संस्कृति और आध्यात्मिकता का संगम

कुरुक्षेत्र। मॉरीशस, इंग्लैंड और कनाडा के बाद अब ऑस्ट्रेलिया (Australia) के सर जमीन पर अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव (International Geeta Mahotsav) में कला, संस्कृति और आध्यात्मिकता का संगम देखने को मिलेगा। इस महोत्सव के जरिए पवित्र ग्रंथ गीता के संदेश दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचेंगे। इस बार अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन 28 से 30 अप्रैल 2023 तक ऑस्ट्रेलिया में किया जा रहा है। इस महोत्सव के आयोजन को सफल बनाने के लिए भारत से एक दल ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में पहुंच चुका है। इस दल में गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा, पूर्व सदस्य विजय नरूला शामिल है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल के विजन से अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2023 का आस्ट्रेलिया में आयोजन हो रहा है। इस आयोजन से पवित्र ग्रंथ गीता के संदेश आस्ट्रेलिया ही नहीं पूरी दुनिया में पहुंचेंगे और युवा पीढ़ी इन उपदेशों का अनुसरण करके एक अच्छा नागरिक बनेगी। अहम पहलू यह है कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2023 के आस्ट्रेलिया में गतिविधियों का आगाज हो चुका है। यह आगाज भी युवा पीढ़ी से किया गया है। इस युवा पीढ़ी ने कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड और हरियाणा एसोसिएशन ऑस्ट्रेलिया के तत्वाधान में सिडनी में पेंटिंग एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया। इस प्रतियोगिता में लगभग 250 विद्यार्थियों ने भाग लिया है। केडीबी के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव भगवद गीता के कालातीत ज्ञान का एक भव्य उत्सव है। यह आयोजन गीता के आध्यात्मिक संदेश का जश्न मनाने के लिए सभी क्षेत्रों के लोगों को एक साथ लाता है। यह कार्यक्रम 2023 में सिडनी में 28 से 30 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। इस महोत्सव में कला, संस्कृति और आध्यात्मिकता को एक मंच पर देखा जा सकेगा। आईजीएम-2023 इस वर्ष ऑस्ट्रेलिया में हरियाणा एसोसिएशन और कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड द्वारा संयुक्त रूप से सेवा ऑस्ट्रेलिया, हिंदू काउंसिल ऑफ ऑस्ट्रेलिया, इस्कॉन, बीएपीएस, एचओटीए और अन्य संगठनों के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि 28 से 30 अप्रैल तक आयोजित होने वाले 3 दिवसीय उत्सव से पहले 23 अप्रैल को बड़े पैमाने पर चित्रकला, गीता पाठ, निबंध लेखन और रंग भरने की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सामूहिक रूप से इन प्रतियोगिताओं में 250 से अधिक व्यक्तियों की शानदार भागीदारी देखी गई। प्रतियोगिता सभी उम्र और पृष्ठभूमि के कलाकारों और प्रतिभागियों के लिए खुली थी, और उसने उन्हें अपनी रचनात्मकता और गीता की शिक्षाओं की व्याख्या दिखाने का अवसर प्रदान किया। इस प्रतियोगिता के विजेताओं को भागीदारी प्रमाण पत्र और पुरस्कार 30 अप्रैल को सिडनी में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय गीता संगोष्ठी के अवसर पर प्रदान किए जाएंगे।
आईजीएम 2023 के कार्यक्रम संयोजक और ऑस्ट्रेलिया में हरियाणा एसोसिएशन के अध्यक्ष सेवा सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव सिडनी 2023 भगवद गीता के आध्यात्मिक ज्ञान का एक अविस्मरणीय उत्सव होने का एहसास करवाएगा। इस गीता जयंती महोत्सव में होने वाली प्रतियोगिताओं, संगोष्ठियों, गीता सद्भावना यात्रा और संघीय और राज्य संसदों में गीता की सुविधा, हर किसी के लिए आनंद लेने और सीखने के नए अवसर प्रदान करेंगी। यह एक ऐसा महोत्सव है जिसे आध्यात्मिक विकास, सांस्कृतिक संवर्धन और कलात्मक अभिव्यक्ति की तलाश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को देखना चाहिए।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS