राहुल गांधी की 'खेती बचाओ' यात्रा को लेकर हरियाणा के कांग्रेसी नेताओं ने दिल्ली में बनाई रणनीति

भाजपा सरकार द्वारा लाए गए कृषि विरोधी काले कानूनों के खिलाफ कांग्रेस (Congress)के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के हरियाणा आगमन की तैयारियों को लेकर रविवार को हरियाणा कांग्रेस के विधायकों व वरिष्ठ नेताओं की एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक दिल्ली के गुरुद्वारा रकाबगंज रोड पर आयोजित की गई। बैठक में हरियाणा कांग्रेस प्रभारी विवेक बंसल, हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, किरण चौधरी, पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव, पूर्व हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष धर्मपाल मलिक मुख्य रूप से मौजूद रहे।
बैठक के उपरांत हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी विवेक बंसल ने कहा कि यह कृषि कानून किसानों के हितों के बिल्कुल विपरीत हैं। इसी को लेकर राहुल गांधी जी किसानों के बीच आ रहे हैं। यह गूंगी बहरी सरकार है, संवेदनहीन सरकार है। यह सरकार संघीय ढांचे पर प्रहार कर रही है। भाजपा सरकार ने भरपूर प्रयास किया कि हाथरस मामले को दबाया जाए। इसी मामले को लेकर कल सोमवार को सुबह 10 बजे हरियाणा कांग्रेस द्वारा जिला मुख्यालयों पर हाथरस पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा के नीचे बैठकर प्रदर्शन किया जाएगा।
दिल्ली स्थित 15 GRG मार्ग पर जारी बैठक में श्री @RahulGandhi जी के हरियाणा आगमन की तैयारियों को लेकर विचार विमर्श करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी श्री विवेक बंसल जी के साथ हरियाणा कांग्रेस के विधायक व वरिष्ठ नेता। pic.twitter.com/2lAgC1boBR
— Kumari Selja (@kumari_selja) October 4, 2020
राहुल गांधी जी के हरियाणा आगमन की जानकारी देते हुए हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि राहुल गांधी जी ने इन काले कानूनों के खिलाफ आज से पंजाब से ट्रैक्टर यात्रा शुरू की है। उनकी यह यात्रा किसानों की इस लड़ाई में मील का पत्थर साबित होगी। 6 और 7 अक्टूबर को राहुल गांधी जी हरियाणा में दो दिवसीय यात्रा पर रहेंगे। हरियाणा कांग्रेस द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया जाएगा। 6 अक्टूबर को देवीगढ़ बॉर्डर से वह पंजाब से हरियाणा प्रदेश में प्रवेश करेंगे। राहुल गांधी जी वहां से ट्रैक्टरों के साथ पेहवा आकर लोगों को संबोधित करेंगे। इसके बाद राहुल गांधी जी कुरुक्षेत्र जाएंगे। रात को राहुल गांधी जी कुरुक्षेत्र में ही रुकेंगे। इसके बाद अगली सुबह पीपली मंडी से राहुल गांधी जी की यात्रा शुरू होगी। पीपली मंडी से राहुल गांधी जी नीलोखेड़ी जाएंगे और इसके बाद नीलोखेड़ी होते हुए वह करनाल जाएंगे। करनाल में इस कार्यक्रम का समापन होगा।
सैलजा ने कहा कि राहुल गांधी जी लगातार किसानों, श्रमिकों, आम लोगों के मुद्दे जोर-शोर से उठा रहे हैं। जिस प्रकार राहुल गांधी जी और प्रियंका गांधी जी ने कल हाथरस जाकर दलित पीड़ित परिवार का दुख दर्द बांटा। उसी तरह से किसानों का जो दर्द है, पीड़ा है, सरकार के पास तो समय नहीं है उनकी पीड़ा को समझने और बातचीत करने का। लेकिन राहुल गांधी जी हमेशा जमीन से जुड़े रहते हैं, लोगों से जुड़े रहते हैं और उसी तरह से वह ट्रैक्टर पर चढ़कर हरियाणा प्रदेश आएंगे और प्रदेश का दौरा करेंगे। कुरुक्षेत्र में इस सरकार द्वारा किसानों पर जो लाठियां बरसाई गई थी, राहुल गांधी जी इस सरकार को रास्ता दिखाएंगे कि कैसे हम बातचीत से ही देश को आगे ले जा सकते हैं।
नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा लाए गए कृषि बिल किसानों के हित में नहीं हैं। इन्हीं काले कानूनों का विरोध करने के लिए राहुल गांधी जी हरियाणा आ रहे हैं। किसानों का साथ देने के लिए, उनकी आवाज उठाने के लिए राहुल गांधी जी हरियाणा आ रहे हैं। पूरा किसान वर्ग इन कृषि बिलों को लेकर चिंतित है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS