हरियाणा में महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन

पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में बढाेतरी व मंहगाई के विरोध में बुधवार को पूरे प्रदेश में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार से बढ़ी कीमतों को वापस लिए जाने की मांग की।
वहीं हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सैलजा ने कहा है कि केंद्र व राज्य सरकार ने आम जनता को धोखा दिया है। पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, खाद्य पदार्थों व अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में आए दिन हो रही वृद्धि ने आम आदमी का जीना मुश्किल कर दिया। सरकार के घोर जनविरोधी कदमों के खिलाफ कांग्रेस अपनी पूरी ताकत से संघर्ष करेगी। महंगाई के खिलाफ कांग्रेस के राज्यव्यापी अभियान के तहत हांसी में बड़ी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कुमारी सैलजा ने कहा, कैसी विचित्र स्थिति है कि जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि अब जनता का सामना करने से डर रहे हैं। भाजपा के विधायक, मंत्री, सांसद जहां भी जाते हैं, जनता उनका स्वागत काले झंडों से करती है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कटाक्ष किया कि यदि आज चुनाव करवा लिए जाएं तो भाजपा-जजपा का खाता भी नहीं खुलेगा। जनता में सरकार के खिलाफ इतना गुस्सा है कि वह इन दोनों दलों को एक भी सीट नहीं जीतने देगी। सैलजा ने कहा कि कांग्रेस के सभी संगठन गांव, ब्लाक व जिला स्तर पर महंगाई के खिलाफ जनता की आवाज उठाएंगे। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी के निर्देश पर सभी कांग्रेसी नेता सरकार की ईंट से ईंट बजाने को जनता के साथ मिलकर सड़कों पर उतर आए हैं। सोनिया और राहुल का स्पष्ट निर्देश है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को चाहे कुछ भी करना पड़े, जनता की आवाज नहीं दबनी चाहिए।सैलजा ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार के खिलाफ पूरे देश में केवल राहुल गांधी ही खुलकर आवाज उठा रहे हैं। उन्हीं से प्रेरणा लेकर सभी कांग्रेसी पूरे जोश के साथ
सरकार के खिलाफ गर्मी, सर्दी, बरसात में संघर्ष करते रहेंगे। उन्होंने कहा, राज्य में ऐसा मंज़र सामने है जिसकी लोगों ने कभी कल्पना भी नहीं की थी। अपराध बढ़ रहे हैं, बेरोजगारी की दर चिंताजनक स्तर तक पहुंच चुकी, औद्योगिक विकास का पहिया थम चुका। दुर्भाग्य देखिए कि कृषि प्रधान देश में किसान को भगवान भरोसे छोड़ दिया गया। पहले कुछ दिन आन्दोलन पर बैठे किसानों से बातचीत का दिखावा किया गया था। स्वामीनाथन की रिपोर्ट आखिर कब लागू की जाएगी? तेल मूल्य वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस अब 10 जुलाई को जिला स्तर पर साइकिल मार्च निकालेगी जो कम से कम पांच किलोमीटर लंबा होगा। 15 जुलाई को पेट्रोल पंपों के सामने लोगों से हस्ताक्षर लिए जाएंगे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS