तेल मूल्य वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस प्रदेशव्यापी आन्दोलन चलाएगी

तेल मूल्य वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस प्रदेशव्यापी आन्दोलन चलाएगी
X
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि सरकार का ध्यान सिर्फ उद्घाटन करने पर है, उसके बाद क्या हो रहा है, इसकी कोई परवाह नही होता। उन्होंने कहा कि पिछले एक साल से पेट्रोल- डीजल के मूल्य में लगातार वृद्धि की जा रही है। सरकार चार लाख करोड़ रुपये तेल मूल्य बढ़ा कर कमा चुकी है।

हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा है कि राज्य में सत्ताधारी दल की नीति और नीयत का पर्दाफाश हो चुका, लोग उसका असली चेहरा पहचान चुके। सरकार की घोर जनविरोधी, अलोकतान्त्रिक नीतियों के चलते हर शहर में हर वर्ग के लोग सड़कों पर उतरने को तैयार हो रहे हैं।

सैलजा ने कहा कि सरकार से कोई खुश नहीं है, कोई संतुष्ट नहीं है। आम आदमी, कर्मचारी, किसान, मजदूर, दुकानदार सभी परेशान और बदहाल हैं। सरकार जनता की समस्याओं का हल करने के बजाय उसे उकसा कर जख्मो पर नमक छिड़क रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का ध्यान सिर्फ उद्घाटन करने पर है, उसके बाद क्या हो रहा है, इसकी कोई परवाह नही होता। उन्होंने कहा कि पिछले एक साल से पेट्रोल- डीजल के मूल्य में लगातार वृद्धि की जा रही है। सरकार चार लाख करोड़ रुपये तेल मूल्य बढ़ा कर कमा चुकी है। उन्होंने कहा कि इसका दस प्रतिशत भी जनता की समस्याओं- सुविधाओं पर खर्च नहीं किया गया। इससे साफ साबित होता है कि सरकार कितनी जनविरोधी है।

उन्होंने कहा कि तेल मूल्य वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस पूरे राज्य में आन्दोलन चलाएगी। कांग्रेस कार्यकर्ता राज्य भर में धरने देंगे, विरोध प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा प्रदेश स्तर पर मार्च निकालेंगे, जिला स्तर पर साइकिल मार्च का आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि राज्य भर में तेल मूल्य वृद्धि के खिलाफ लोगों से हस्ताक्षर लिए जाएंगे ताकि सरकार को आईना दिखाया जा सके।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि किसी समय अन्य राज्यों की आर्थिक मदद करने वाला हरियाणा आज बेरोजगारी में देश में नंबर वन बन चुका। भ्रष्टाचार व अपराध में भी सबसे आगे उसका नाम है। सैलजा ने कहा कि कोरोना महामारी पर सरकार ने घोर लापरवाही की है। कोरोना की दूसरी लहर की चेतावनी हर ओर से आ रही थी लेकिन केंद्र व राज्य सरकार ने कोई ध्यान नहीं दिया। दूसरी लहर ने जमकर कहर बरपाया लेकिन उस नाजुक, संवेदनशील समय में सरकार नदारद रही। उस समय सामाजिक संगठन व कांग्रेस कार्यकर्ता जनता की मदद को आगे आए। सैलजा ने कहा कि सरकार से आग्रह किया गया था कि वह राजनीति न करे, सबका सहयोग ले परंतु सरकार का आचरण रहा इसके एकदम उलट।

इस मौके पर कांग्रेस पार्टी के मुख्य प्रवक्ता बजरंग गर्ग, हरियाणा कांग्रेस महासचिव डा. अजय चौधरी, एचपीएससी के पूर्व सदस्य जगन्नाथ, हरियाणा कांग्रेस लीगल सेल के चेयरमैन लाल बहादुर खोवाल, रामनिवास राड़ा, भूपेन्द्र गंगवा, ओम प्रकाश, हरपाल सिंह बुरा, प्रवक्ता अश्वनी शर्मा, हरी कृष्ण, जेपी ज्यानी, प्रमोद सिवाज आदि कांग्रेसी नेता मौजूद थे

Tags

Next Story