किसान आंदोलन : शंभू टोल प्लाजा पर पक्के शैड़ों का निर्माण, काम रुकवाने आई पुलिस का विरोध

हरिभूमि न्यूज. अंबाला
शंभू टोल प्लाजा पर अब सिंघू बॉर्डर की तरह किसानों ने पक्के टीन के शैड बनाने शुरू कर दिए हैं। पहले किसान अस्थायी तौर पर लगे टेंट में बैठकर ही केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। हालांकि पक्के शैड बनाए जाने की भनक लगते ही शाम को पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किसानों को रोकने का प्रयास किया। पर किसानों के विरोध की वजह से पुलिस कुछ नहीं कर पाई। किसानों ने साफ कहा कि जब तक तीन कृषि कानूनों को सरकार रद्द नहीं करती उनका विरोध निरंतर जारी रहेगा।
शंभू टोल प्लाजा पर तीन कृषि कानूनों के विरोध में पिछले करीब छह महीने से किसान धरने पर बैठे हैं। इसी वजह से प्लाजा पर टोल कलेक्शन का काम पूरी तरह बंद पड़ा है। शुरूआत में किसानों ने यहां पर अस्थायी टेंट लगाए हुए थे। पर अब किसानों ने यहां पक्के टीन के शैड बनाने शुरू कर दिए हैं। कई शैड बनकर तैयार हो गए हैं। इन शैडों में किसानों के ठहरने के साथ लंगर की सेवा शुरू की गई है। बुधवार शाम को अचानक भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था। असल में पुलिस को यहां पक्के शैड बनाने की सूचना मिली थी। तब पुलिस ने किसानों को ऐसा न करने की बात कही। प्लाजा पर पुलिस आने की खबर के बाद आसपास के गांवों से भी भारी संख्या में किसान मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस का विरोध शुरू हो गया। विरोध के कारण पुलिस को बिना कार्रवाई के वापस लौटना पड़ा। वीरवार को किसानों ने कई शैड तैयार कर दिए थे।
वीरवार को भी शंभू टोल प्लाजा पर किसानों का भारी जमावड़ा देखने को मिला। दरअसल पंजाब से आए किसानों का एक बड़ा जत्था टोल से दिल्ली के लिए रवाना हुआ। किसानों की ओर से उनकी अगुवाई के लिए खास बंदोबस्त किए गए थे। लंगर के साथ उनका हौसला बढ़ाया गया। पंजाब की ओर से आए किसान सरताज सिंह, जोगन्द्रिं सिंह, महद्रिं सिंह, विनोद, लखनपाल ने बताया कि सरकार उनके आंदोलन को कमजोर करने की पुरजोर कोशिश कर रही है। मगर वे किसी भी हालत में पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अब दिल्ली बॉर्डर पर आंदोलन को मजबूत करने के लिए किसान फिर से दिल्ली की ओर कूच करने लगे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार तीनों कृषि कानून वापस नहीं लेती उनका विरोध निरंतर जारी रहेगा। स्थानीय किसान जय सिंह व वजद्रिं सिंह कांबोज ने कहा कि जब तक सरकार कानून वापस नहीं लेती तब तक शंभू टोल प्लाजा खाली नहीं होगा। उन्होंने कहा कि इसी वजह से यहां पक्के शैड लगाए गए हैं। उन्होंने साफ कहा कि अगर पुलिस ने उन्हें जबरन यहां से उठाने का प्रयास किया तो इसका कड़ा विरोध किया जाएगा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS