लड़की को लेकर विवाद : युवक ने अपने ही दोस्त पर की ताबड़तोड़ फायरिंग, जानें फिर क्या हुआ

लड़की को लेकर विवाद : युवक ने अपने ही दोस्त पर की ताबड़तोड़ फायरिंग, जानें फिर क्या हुआ
X
एसएचओ जगदीश बिशनोई ने बताया कि आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश की जा रही है। आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हरिभूमि न्यूज : यमुनानगर

पंचकूला-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर गांव लढ़ौंरा मोड़ पर शनिवार को दो दोस्तों के बीच लड़की को लेकर हुए विवाद में एक ने दूसरे पर ताबड़तोड़ फायरिंग करके उसे घायल कर दिया। गंभीर हालत में घायल युवक को अंबाला के मुलाना स्थित अस्पताल में दाखिल करवाया गया। पुलिस ने आरोपित युवक के खिलाफ हत्या का प्रयास करने व आर्म्ज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक लंढ़ौरा निवासी कश्मीर सिंह शनिवार को अपने दोस्त छप्पर निवासी सिमरनजीत सिंह के साथ पंचकूला से वापस अपने गांव लौट रहा था। इस दौरान रास्ते में दोनों के बीच किसी लड़की को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान गांव लंढौरा मोड़ के नजदीक दोनों ने विवाद इतना बढ़ गया कि कश्मीर सिंह ने अपने दोस्त सिमरनजीत सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरु कर दी। फायरिंग के दौरान सिमरनजीत सिंह ने भागकर अपना बचाव किया। मगर इस दौरान उसकी टांग में दो गोलियां लग गई और वह गंभीर रुप से घायल हो गया। गंभीर हालत में सिमरनजीत सिंह को मुलाना के अस्पताल में भरती करवाया गया। वारदात करने के बाद आरोपित कश्मीर सिंह मौके से भाग गया। सूचना मिलते ही थाना छप्पर पुलिस व सीन ऑफ क्राइम की टीम मौके पर पहुंची और गोलियों के खोल एकत्र किए। इस दौरान पुलिस ने घटना स्थल पर चली गोलियों के दायरे का नाप भी लिया। पुलिस ने आरोपित कश्मीर सिंह के खिलाफ हत्या करने का प्रयास करने व आर्म्ज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आरोपित को जल्द करेंगे गिरफ्तार

मामले की जांच कर रहे थाना छप्पर के एसएचओ जगदीश बिशनोई ने बताया कि आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश की जा रही है। आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में जांच पूरी होने पर ही पता चल सकेगा कि सच्चाई क्या है।

Tags

Next Story