हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में 24 अप्रैल को दीक्षांत समारोह : शिक्षा पूरी कर चुके 865 विद्यार्थियों को प्रदान की जाएंगी डिग्रियां

हिसार। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय आगामी 24 अप्रैल को आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह में 865 स्नातकों को उपाधियां प्रदान करेगा। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बलदेव राज काम्बोज ने बताया कि दीक्षांत समारोह का आयोजन हरियाणा के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बंडारू दत्तात्रेय की अध्यक्षता में होगा, जिसमें मुख्यातिथि के रूप में देश की राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु शिरकत करेंगी। साथ ही प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल अति विशिष्ट अतिथि होंगे और कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जेपी दलाल विशिष्ट अतिथि होंगे।
कुलपति ने बताया कि दीक्षांत समारोह में 1 अगस्त 2021 से 30 सितंबर 2022 के दौरान शिक्षा पूरी कर चुके 290 स्नातकों, 447 परास्नातकों एवं 128 डॉक्टरेट की उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इसके अतिरिक्त इन विद्यार्थियों में से शिक्षा में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 124 छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक भी प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने दीक्षांत समारोह में भाग लेने वाले विद्यार्थियों से उनकी पहचान के सत्यापन तथा पूर्वाभ्यास के लिए 23 अप्रैल को प्रात: 10 बजे विश्वविद्यालय में रिपोर्ट करने की अपील की। ऐसा न करने पर वे दीक्षांत समारोह में शामिल नहीं हो सकेंगे।
यहां उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय द्वारा दीक्षांत समारोह में डिग्रियां व स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के लिए सफेद ड्रेस निर्धारित की गई है। ड्रेस कोड के मुताबिक डिग्री प्राप्त करने वाले लड़कों के लिए पूरी बाजू की सफेद शर्ट-सफेद पेंट, काले रंग की बेल्ट, सफेद रंग की जुराबें व काले रंग के चमड़े के जूते, जबकि लड़कियों के लिए आधी बाजू का सफेद ब्लाऊज, लाल बॉर्डर की सफेद रंग की साड़ी व काले रंग के चमड़े के जूते या सैंडल ड्रैस कोड के रूप में अनिवार्य होंगे। अति विशिष्ट परिस्थिति में महिला स्नातक को उपरोक्त ड्रेस के स्थान पर लाल बार्डर की सफेद कमीज, सफेद सलवार व सफेद दुपट्टा के साथ काले रंग के जूते या सैंडिल पहनने की अनुमति होगी। दीक्षांत समारोह में कोविड संबंधित जारी गाइडलाइन का अनिवार्य रूप से पालन किया जाएगा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS