हरियाणा में मिलकर चलेंगी BJP-JJP : गठबंधन मजबूत करने के लिए बनाई जाएगी समन्वय समिति, दिग्विजय बोले- हम तैयार

चंडीगढ़। हरियाणा बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े और प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने शनिवार को संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस की। तावड़े ने बताया कि भाजपा-जजपा की संयुक्त बैठक में यह विचार किया गया कि भाजपा-जजपा गठबंधन मजबूत करने के लिए समन्वय समिति बनाई जाए। प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने भी बात को दोहराई कि पंचायतीराज चुनाव में सिंबल पर चुनाव का फैसला चुनाव समिति करेगी। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, मीडिया प्रमुख डा. संजय शर्मा के अलावा प्रदेश महामंत्री व विधायक मोहन लाल, प्रदेश महामंत्री डाक्टर पवन सैनी उपस्थित थे।
भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के दो दिवसीय हरियाणा प्रवास के दौरान हुई बैठकों के बारे में हरियाणा प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सरकार के मंत्रियों और संगठन के बीच समन्वय, अलग विचारधारा के जो लोग पार्टी का समर्थन करते हैं उनके बीच समन्वय कैसे स्थापित हो इसके लिए मार्गदर्शन किया है। तावड़े ने कहा कि भाजपा-जजपा के नेताओं की समन्वय समिति गठित की जाएगी, जिसमें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री, जजपा के अध्यक्ष, उनके दो प्रमुख नेताओं सहित 6-7 लोग शामिल होंगे। समिति में महीने में एक बार आगामी चुनावों, पार्टी की नीतियां व अन्य विषयों पर चर्चा होगी।
समन्वय समिति बनाकर करें काम
समिति में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ और जजपा अध्यक्ष दोनों मिलकर साथ काम करेंगे। तावड़े ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भाजपा-जजपा के नेताओं की हुई बैठक में यह भी तय किया गया कि गठबंधन की मजबूती के लिए मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री प्रदेश की समस्याओं और योजनाओं पर समन्वय बनाकर काम करें। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के हरियाणा प्रवास के बारे में तावड़े ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का पूरे देश में अलग-अलग प्रदेशों में एक प्रवास की श्रृंखला चली है। उस प्रवास के क्रम में हरियाणा प्रदेश का प्रवास शुक्रवार सुबह से शनिवार दोपहर तक हुआ। इस प्रवास के दौरान राष्टीय अध्यक्ष ने स्वयं बूथ पर जाकर पार्टी की सक्रियता का विश्लेषण और आंकलन किया। तावड़े ने कहा कि हरियाणा में अगर जनता नें में 2014 के बाद 2019 में दोबारा चुनकर भेजा है तो हरियाणा की जनता की सरकार से अपेक्षा भी ज्यादा है। मंत्री आने वाले तीन साल में क्या कर सकते हैं और क्या करना आवश्यक है, इसका रोडमैप तैयार करें।
तय होगा पंचायत चुनाव का विषय : ओपी धनखड़
प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि पंचायती राज चुनाव सिंबल पर लड़ा जाए या नहीं इसका फैसला चुनाव समिति करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी की एक संवैधानिक बॉडी है, जोकि चुनाव समिति है। चुनाव की घोषणा के बाद चुनाव समिति की बैठक में विचार करने के बाद सिंबल और गठबंधन पर फैसला लिया जायेगा। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि पंचायती राज चुनाव में सिंबल पर जाएंगे तो गठबधन पर बात होगी। सिंबल पर नहीं जाएंगे तो वो विषय सभी के लिए ओपन रहेगा।
भाजपा और जजपा नेता मिलकर करेंगे सरकार के कामों का प्रचार : दिग्विजय
जननायक जनता पार्टी प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला ने कहा कि पंचकूला में हुई बीजेपी-जेजेपी की बैठक में गठबंधन के आपसी तालमेल, सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की राजनीति को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई है। दिग्विजय ने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गठबंधन सरकार के पिछले तीन साल के कार्यकाल पर चर्चा करते हुए आंकलन किया और भविष्य में होने वाले उपचुनाव, पंचायत चुनाव, लोकसभा-विधानसभा चुनाव पर चर्चा की। दिग्विजय ने कहा कि हिमाचल में होने वाले चुनाव में जेजेपी की क्या भूमिका रहेगी इस पर भी चर्चा हुई।
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि जल्द बीजेपी-जेजेपी अपने घोषणापत्र के वादों को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल और उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के मार्गदर्शन में दोनों पार्टियों से चार-चार सदस्य की एक समन्वय कमेटी बनाएगी जो कि गठबंधन सरकार के कॉमन मिनिमम प्रोग्राम के लिए अहम रोल निभाएगी। दिग्विजय ने कहा कि बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जल्द कमेटी बनाने को कहा है और अगले माह से समन्वय समिति अपना कार्य शुरू करेगी और हर माह समीक्षा बैठक भी होगी। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि जेजेपी द्वारा विधानसभा चुनाव-2019 में जारी घोषणा पत्र में से अब तक बहुत सारे वादों पर कार्य हुआ हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी जल्द घोषणा पत्र पर एक रिपोर्ट कार्ड तैयार करेगी और उसे जनता के समक्ष रखेगी।
बुढ़ापा पेंशन पर आय की शर्त कांग्रेस सरकार में लगाई थी
बुढ़ापा पेंशन के संबंध में पूछे गए सवाल पर दिग्विजय चौटाला ने कहा कि बुढ़ापा पेंशन पर आय की शर्त पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा की कांग्रेस सरकार में लगाई गई थी और उस समय 32 विधायक वाली इनेलो ने विधानसभा में एक बार भी आवाज क्यों नहीं उठाई। उन्होंने यह भी कहा कि हमारा प्रयास तो यह है कि इस आय की शर्त को पांच लाख रूपए से ऊपर लेकर जाया जाए।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS